केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगोलिया के राष्ट्रपति से की मुलाकात उलानबटोर

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगोलिया के राष्ट्रपति यू. खुरेलसुख सहित देश के उच्च नेतृत्व के साथ मंगलवार को मुलाकात कर दोनों देशों के बहुआयामी रणनीतिक संबंधों को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। राजनाथ मंगोलिया तथा जापान की अपनी पांच दिवसीय यात्रा पर हैं। इस यात्रा का मकसद क्षेत्रीय सुरक्षा के हालात और वैश्विक भू-राजनीति में उथलपुथल के बीच दोनों देशों के साथ भारत के रणनीतिक व रक्षा संबंधों का विस्तार करना है। यह किसी भारतीय रक्षा मंत्री द्वारा इस पूर्वी एशियाई देश की पहली यात्रा होगी।

सिंह ने ट्वीट किया, मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख से उलानबटोर में मुलाकात बेहतरीन रही। 2018 में उनके साथ जब मुलाकात हुई थी, तब वह देश के प्रधानमंत्री थे। हम मंगोलिया के साथ अपनी बहुआयामी सामरिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। रक्षा मंत्री ने अन्य ट्वीट में कहा, मंगोलिया के स्टेट ग्रेट खुराल (संसद) के अध्यक्ष जी. जानदनशतार के साथ बातचीत कर अच्छा लगा। बौद्ध धर्म की हमारी साझा विरासत को बढ़ावा देने और उसका विस्तार करने के लिए उनके निरंतर समर्थन की मैं सराहना करता हूं।’’

इसके पहले रक्षामंत्री ने मंगोलिया के रक्षा मंत्री सैखानबयार से भी मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने ट्वीट किया था, ‘‘ मंगोलिया के रक्षा मंत्री सैखानबयार के साथ आज रचनात्मक बातचीत की। हमने भारत-मंगोलिया रक्षा सहयोग को और गति देने पर गहन विचार-विमर्श किया। उलानबटोर में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मंगोलिया की पहली यात्रा के दौरान उन्हें सलामी गारद दिया गया। रक्षा सहयोग को बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए मंगोलिया के रक्षा मंत्री जनरल सैखानबयार के साथ उन्होंने व्यापक स्तर पर चर्चा की।’’

मंगोलिया से रक्षामंत्री दो दिवसीय यात्रा पर जापान जाएंगे। वह आठ और नौ सितंबर को जापान में रहने वाले हैं। वह जापान के साथ ‘टू प्लस टू’ प्रारूप में आठ सितंबर को होने वाली वार्ता में शामिल होने वाले हैं। जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा के वार्षिक भारत-जापान शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत की यात्रा करने के करीब पांच महीने बाद यह वार्ता हो रही है।

Subscribe to our Newsletter