दिल्ली-नोएडा में बारिश आईजीआई एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

Jul 14, 2025

नई दिल्ली । दिल्ली समेत एनसीआर में इन दिनों मानसून मेहरबान है। बीते कई दिनों से बारिश रुक-रुक कर हो रही है। आज सुबह सावन के पहले सोमवार को दिल्ली-नोएडा में बारिश देखने को मिली।  राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत देश के विभिन्न हिस्सों में रविवार को भी झमाझम बारिश हुई। दिल्ली में सोमवार सुबह अचानक मौसम में आए बदलाव के बाद दिल्ली हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी कर कहा कि दिल्ली में मौसम खराब है। हमारी ऑन-ग्राउंड टीमें आपकी यात्रा को सुगम बनाने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे हवाई अड्डे तक पहुंचने और संभावित देरी से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो सहित परिवहन के वैकल्पिक साधनों पर विचार करें। उड़ान संबंधी नई जानकारी के लिए यात्री अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें।

लोधी रोड में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग मानक वेधशाला में 34.8, रिज में 33.4, पालम में 33.1, राजघाट में 33.2, आया नगर में 33 और नजफगढ़ में 32.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आया नगर में 26.5, रिज में 25.6, सफदरजंग में 25.1, पालम में 25.5 और राजघाट में 26.9 डिग्री दर्ज हुआ।


Subscribe to our Newsletter