राहुल गांधी की सालाना कमाई 1 करोड़ से अधिक

Apr 04, 2024

- राहुल ने शेयर बाजार में ‎किया ‎निवेश, उनके पोर्टफोलियो में 24 कंपनियों के स्टॉक्स हैं

नई दिल्‍ली । पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल की वायनाड सीट से अपना नामांकन दाखिल कर ‎दिया है। राहुल गांधी के चुनावी हलफनामे के मुताबिक कांग्रेस नेता की सालाना कमाई 1 करोड़ रुपये से अधिक है। राहुल द्वारा दिए गए अपने वित्‍तीय विवरण से पता चला है कि वे शेयर बाजार में भी निवेश करते हैं। उनके पोर्टफोलियो में 24 कंपनियों के स्टॉक्स हैं जिनकी वैल्यू इस समय 4.4 करोड़ रुपये है। इसके अलावा कांग्रेस नेता ने डाकघर योजनाओं, पीपीएफ और सॉवरेन गोल्‍ड बांड भी पैसा लगाया है। राहुल गांधी के चुनावी हल्‍फनामे के मुताबिक बीते कई वर्षों से वे सालाना एक करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर रहे हैं। 2022-23 के वित्तीय वर्ष में राहुल गांधी की वार्षिक आय 1,02,78,680 रुपये रही। 21-22 में उन्होंने 1,31,04,970 करोड़ रुपये कमाए। 20-21 में 1,29,31,110 करोड़, 19-20 में 1,21,54,470 करोड़ और 18-19 में 1,20,37,700 करोड़ कमाए। पिडिलाइट इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस में उन्‍होंने सबसे ज्‍यादा पैसा लगाया है। इन दोनों कंपनियों में उनका निवेश 40 लाख रुपये के पार है।

कांग्रेस नेता ने एशियन पेंट्स, नेस्ले इंडिया, टाइटन, एचयूएल, और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी पैसा लगाया है। राहुल गांधी ने सबसे अधिक पैसा ब्लू चिप में लगा है और 11 शेयर इक्विटी बेंचमार्क ‎निफटी 50 के हैं। निफ्टी के 6 सॉफ्टवेयर स्टॉक्स में उन्‍होंने कुल 42 लाख रुपये का निवेश किया हुआ है। राहुल गांधी ने एचडीएफसी एएमसी प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और पीपीएफएफएएस म्यूचुअल फंड की स्कीमों में पैसे लगाए हैं। म्यूचुअल फंड्स में राहुल गांधी का कुल निवेश 3.81 करोड़ रुपये है। राहुल गांधी ने ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के 52 नॉन-कंवर्टिबल डिबेंचर्स पैसे लगाए हुए हैं। राहुल गांधी के पास 55 हजार रुपये की नगदी है। इसके अलावा बैंक खाते में 26.25 लाख रुपये, डिबेंचर्स में 1.90 लाख रुपये और सोवरेन गोल्ड बॉन्ड्स में 15.21 लाख रुपये हैं। डाकघर सेविंग स्‍कीम्‍स, इंश्योरेंस और पीपीएफ में भी उन्‍होंने 61.52 लाख रुपये का निवेश किया है।


Subscribe to our Newsletter