मकान में चल रही थी वेश्यावृत्ति, महिलाओं ने पीटा
Oct 03, 2023
डंडा बैंक के संचालक मकान खरीद कर करवा रहे थे यह कुकर्म
भोपाल । प्रदेश के शिवपुरी जिले में डंडा बैंक के संचालकों द्वारा मकान खरीद कर वैश्यावृति कराई जा रही थी। लोगों ने विरोध दर्ज कराया तो डंडा बैंक के कर्ताधर्ताओं ने मारपीट कर दी। इसके बाद पूरी कालोनी वालों ने डंडा बैंक के कर्ताधर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। कालोनी की महिलाओं ने लाठी और पत्थरों से उनकी दो कारों में तोड़-फोड़ कर दी। यह मामला
शिवपुरी के कोतवाली क्षेत स्थित माधव नगर कालोनी का है। बैंक संचालित करने वालों का कहना है कि जिस समय झगड़ा हुआ था, वहां पर कोई महिला मौजूद नहीं थी। पुलिस ने कालोनी वालों की शिकायत पर दो आरोपितों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार शहर में ऊंचे ब्याज पर लोगों को पैसे उधार देकर लाठी के जोर पर उनसे कई गुना रकम बटोरने के मामलों में आरेापित रहे विष्णु गोयल व उनके साथियों ने माधव नगर में किसी ओझा से एक मकान खरीदा है।
कालोनी के रहवासियों का आरोप है कि इस मकान में रोजाना कुछ लोग महिलाओं को लेकर आते थे। दिन-रात यहां शराब पी जाती थी और वैश्यावृति करवाई जा रही थी। मोहल्ले वाले कथित वैश्यावृति से परेशान हो गए थे, कालोनी की महिलाओं ने भी उक्त लोगों से यहां महिलाओं को लाने तथा शराबखोरी कर विवाद करने से मना किया था। लेकिन यह आरोपित मानने को तैयार नहीं थे। इसी क्रम में रविवार की रात आरोपित वहां पहुंचे और शराब के नशे में उन्होंने एक बाइक को टक्कर मार दी। कालोनी के एक व्यक्ति अमरलाल के साथ मारपीट भी की। कालोनी वालों का कहना है कि जब मोहल्ले वाले इस गुंडागर्दी के खिलाफ एकत्रित हुए तो आरोपित मौके से भाग गए और बाद में तीन गाड़ियों में सवार होकर करीब 10 से 12 व्यक्तियों के साथ वापस कालोनी में पहुंचे और गुंडागर्दी करने लगे।
इस पर कालोनी के महिला-पुरुष एकत्रित हो गए और महिलाओं ने लाठियों से आरोपितों की मारपीट करना शुरू कर दी। इसके बाद गुंडागर्दी करने पहुंचे लोग वहां से भाग गए। इसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने आरोपितों की गाड़ियों में तोड़-फोड़ कर दी। जिन लोगों पर माधव नगर में वैश्यावृति कराने का आरोप लगाया गया है उनमें शामिल विष्णु गोयल और नीरज राठौर शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार करवा रहे हैं। जब नीरज राठौर से इस संबंध में बात की गई तो उनका कहना था कि हम अपने मकान में बैठे थे तभी कालोनी के लोगों ने घर में घुसकर मारपीट करना शुरू कर दिया। जिस समय झगड़ा हुआ था उस समय वहां पर कोई महिला मौजूद नहीं थी। कालोनी वालों का कहना है कि उक्त लोगों के साथ तीन महिलाएं थीं, जिन्हें छोड़ने के बाद यह सभी लोग एकत्रित होकर वापस लड़ने के लिए पहुंचे थे। कोतवाली पुलिस ने कालोनी के रहवासियों की शिकायत के आधार पर विष्णु गोयल और नीरज राठौर के खिलाफ मारपीट का प्रकरण कायम कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि दूसरे पक्ष ने भी इस प्रकरण में उनके साथ मारपीट किए जाने और उनकी कारों के साथ तोड़फोड़ करने की शिकायत दर्ज कराई है। अगर वह पक्ष थाने पहुंचेगा तो उनकी शिकायत के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली टीआई के अनुसार प्रारंभिक तौर पर अभी वैश्यावृति जैसे सबूत सामने नहीं आए हैं, अगर जांच के दौरान साक्ष्य मिलेंगे तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में वार्ड पार्षद सुधीर आर्य का कहना है कि मेरे पास कालोनी वालों का फोन आया था कि कुछ लोगों ने ओझा का मकान खरीदा है और वह मकान में वेश्यावृत्ति करवाते हैं। रोजाना कालोनी में शराबखोरी करते हैं। कालोनी वालों ने जब इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने कालोनी वालों से कि हमारा मकान है हम तो ऐसे ही करेंगे। इसी बात पर विवाद हुआ है। आज पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है।