एनएच 130बी पर निजी बस भिड़ी रोगीवाहन से, रोगीवाहन के उड़े परखच्चे-चालक और परिचालक हुए जख्मी

कोरबा  कोरबा जिला कटघोरा तहसील अंतर्गत अम्बिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 130-बी पर रात्रि लगभग 2 बजे हुई एक दुर्घटना में एक यात्री बस रोगीवाहन से जा भिड़ी। दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे। उक्त हादसे में रोगीवाहन के चालक और परिचालक को गंभीर चोटें आई हैं वही बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटे आई हैं। मोरगा पुलिस को खबर मिलते ही तत्काल पीडि़तों को शासकीय अस्पताल भिजवाने की त्वरित व्यवस्था की। जिस पर उन्हें उपचार दिया जाना संभव हुआ। हादसे को लेकर बस चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

        बताया जा रहा हैं की जिला मुख्यालय से 90 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग अंबिकापुर-बिलासपुर पर ग्राम मोरगा में स्थित पेट्रोल पंप के पास यह हादसा घटित हुआ। मोरगा चौकी प्रभारी रामकुमार उइके ने बताया कि निजी कंपनी की यात्री बस सवारियों को भरकर अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। मोरगा पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रही एम्बुलेंस के साथ उसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार यात्रियों को मामूली चोटे आई जबकि एम्बुलेंस के चालक रोशन जराल 28 वर्ष एवं परिचालक संजू तिगगा 22 वर्ष को गंभीर चोटे आई हैं। यह दोनों रायपुर से अम्बिकापुर जा रहे थे। हादसे में एंबुलेंस का काफी हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों के सहयोग से दुर्घटना में घायल हुए लोगों को निकालने के साथ उनकी सुध ली गई और तत्काल अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की गई। इस मामले में बस चालक को दुर्घटना के लिए जिम्मेदार मानते हुए उस पर 279, 337 आईपीसी के तहत पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

* हटाए जा रहे हैं ब्लैक स्पॉट्स

        ग्राम मोरगा चौकी प्रभारी रामकुमार उइके के और से बताया गया हैं कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह बार-बार दुर्घटना होने और इनमें जनहानि को ध्यान में रखते हुए इसका अध्ययन किया गया हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और पुलिस के द्वारा संयुक्त कार्रवाई के साथ संबंधित जगहों से ब्लैक स्पॉट्स को हटाने की कार्यवाही जारी है।




Subscribe to our Newsletter