प्रधानमंत्री मोदी संबोधित करेंगे कार्यकर्ता महाकुंभ को
Sep 19, 2023
महाकुंभ में 10 लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य
भोपाल । पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर भोपाल में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। भाजपा के इस महाकुंभ में 10 लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यकर्ता महाकंभ को लेकर तैयारियों में जुटे भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में समीक्षा की।
उन्होंने भोपाल में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ में आने वाले चिन्हित कार्यकर्ताओं के लिए कार्यक्रम की सामग्री और प्रवेशिका वितरित की। बैठक में भाजपा के प्रत्येक संगठनात्मक जिले से दो पदाधिकारी शामिल हुए। जिले से आने वाले कार्यकर्ताओं को प्रस्तावित नामों के आधार पर ही प्रवेशिका दी जाएगी और बिना प्रवेशिका के कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। बताया गया कि बूथ कमेटी के कार्यकर्ता ही कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जेपी एस राठौर उपस्थित थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पीएम विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना का पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर प्रचार- प्रसार किया। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी जिला केंद्रों पर एकत्रित होकर पीएम विश्वकर्मा योजना के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के उदबोधन को लाइव सुना। इसके लिए प्रत्येक जिले में एलईडी लगाई गई थी, जहां पिछडा वर्ग मोर्चा कार्यकर्ता एकत्रीकरण हुए। अब सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा बूथ स्तर तक योजना का प्रचार प्रसार करेगा।