राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई
Aug 24, 2023
नई दिल्ली । इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफलता पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी है। बता दें कि चांद्रयान 3 के लैंडर मॉड्यूल के चंद्रमा की सतह पर पहुंचने के साथ ही भारत ने बुधवार को इतिहास रच दिया। अभियान की सफलता के बाद इसरो से जुड़े सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि रोवर ‘प्रज्ञान’ लैंडर ‘विक्रम’ से बाहर निकल आया है और यह अब यह चंद्रमा की सतह पर घूमेगा। रैंप पर लैंडर से बाहर आते रोवर की पहली तस्वीर भी सामने आई है। इंसपेस के अध्यक्ष पवन के. गोयनका ने इस फोटो को शेयर किया है। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘विक्रम’ लैंडर से रोवर ‘प्रज्ञान’ के सफलता पूर्वक बाहर आने पर इसरो की टीम को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ (ट्विटर) पर पोस्ट में कहा कि मैं विक्रम लैंडर से रोवर प्रज्ञान के सफलतापूर्वक बाहर आने पर एक बार फिर इसरो की टीम और देशवासियों को बधाई देती हूं। विक्रम की लैंडिंग के कुछ घंटों बाद इसका बाहर आना चंद्रयान 3 के एक और चरण की सफलता को दर्शाता है। वहीं, दक्षिण अफ़्रीका में कल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान विश्व के कई नेताओं ने चंद्रयान-3 की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। अमेरिका और यूरोप की अंतरिक्ष एजेंसियों ने चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को दिल खोलकर बधाई दी।