वर्ष 2022-23 में जीवन बीमा कंपनियों की प्रीमियम 13 प्रतिशत बढ़ीः इरडा - साधारण बीमा कंपनियों की प्रीमियम आय 16.4 प्रतिशत बढ़ी

Dec 28, 2023

नई दिल्ली । जीवन बीमा कंपनियों की प्रीमियम आय पिछले वित्त वर्ष में 12.98 प्रतिशत बढ़कर 7.83 लाख करोड़ रुपये हो गई जबकि साधारण बीमा कंपनियों की प्रीमियम आय 16.4 प्रतिशत बढ़कर 2.57 लाख करोड़ रुपये हो गई। बीमा नियामक इरडा ने अपनी सालाना रिपोर्ट में यह जानकारी दी। भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट 2022-23 में कहा कि निजी क्षेत्र के जीवन बीमा कंपनियों ने प्रीमियम में 16.34 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के जीवन बीमाकर्ता ने प्रीमियम में 10.90 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।

जीवन बीमा कंपनियों की कुल प्रीमियम आय में पुरानी पॉलिसी के नवीनीकरण प्रीमियम का हिस्सा 52.56 प्रतिशत रहा है जबकि 47.44 प्रतिशत योगदान नए पॉलिसी प्रीमियम का है। हालांकि नई पॉलिसी के प्रीमियम में 17.90 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई जबकि नवीनीकरण कारोबार 8.88 प्रतिशत की दर से बढ़ा। इरडा ने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 में जीवन बीमा कंपनियों ने व्यक्तिगत खंड में 284.70 लाख नई पॉलिसी जारी की।

सार्वजनिक क्षेत्र के बीमाकर्ताओं ने 204.29 लाख पॉलिसी (71.75 प्रतिशत) और निजी जीवन बीमा कंपनियों ने 80.42 लाख पॉलिसी (28.25 प्रतिशत) जारी कीं। जीवन बीमा उद्योग का मुनाफा बीते वित्त वर्ष में पांच गुना बढ़कर 42,788 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 7,751 करोड़ रुपये था। इनमें सार्वजनिक क्षेत्र का लाभ 800 प्रतिशत रहा जबकि निजी बीमा कंपनियों ने कुल मिलाकर 72.36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।


Subscribe to our Newsletter