विराट , रोहित सहित कई अनुभवी खिलाड़ियों के दिलीप ट्रॉफी में खेलने की संभावनाएं

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली , कप्तान रोहित शर्मा सहित कई अनुभवी खिलाड़ी अगले माह की शुरुआत में होने वाले दलीप ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। इसका अंदाजा विराट के एक पुराने ट्वीट के वायरल होने से लगा है। 14 साल पुराना ये ट्वीट दलीप ट्रॉफी को लेकर है। श्रीलंका दौरे के बाद भारतीय खिलाड़ियों को लंबा ब्रेक मिला है। अब टीम को 19 सितंबर से बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीरज के अलावा तीन टी20 मैच भी खेलने हैं। 

विराट ने अंतिम बार साल 2010 में दलीप ट्रॉफी में खेला था। कोहली ने तब सोशल मीडिया पर इसको लेकर एक छोटी सी पोस्ट साझा की थी। तब विराट ने लिखा था, दुलीप ट्रॉफी के लिए मुझे शुभकामनाएं दें। अब इसी पोस्ट के एक बार फिर वायरल होने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि विराट दलीप ट्रॉफी खेल सकते हैं। कई लोगों ने कोहली की पुरानी पोस्ट पर कमेंट भी किये हैं। एक यूजर ने लिखा, फिर से दलीप ट्रॉफी में खेलने के लिए गुड लक किंग कोहली। एक ने कमेंट किया, आगामी दलीप ट्रॉफी के लिए आपको शुभकामनाएं। अन्य ने कहा, बेस्ट ऑफ लक, आपकी दलीप ट्रॉफी में फॉर्म लौट आए।

गौरतलब है कि कोहली श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में रन बनाने में विफल रहे थे। वह तीन मैचों में महज 58 रन ही बना सके। भारत को तीन मैचों की सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था वहीं एक मैच बराबरी पर रहा था। कोहली को दलीप ट्रॉफी में रन बनाकर बांग्लादेश सीरीज से पहले फॉर्म में वापसी करने का अच्छा अवसर भी मिलेगा। यह टूर्नामेंट 5 सितंबर से बेंगलुरू में खेला जाएगा। एक रिपोर्ट के अनुसार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और सीनियर स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के अलावा कई अनुभवी खिलाड़ी इसमें खेलते हुए दिखेंगे। 


Subscribe to our Newsletter