
भूपेश बघेल के घर CBI दबिश से सियासी हलचल तेज, दीपक बैज ने कहा- कांग्रेस न झुकेगी, न रुकेगी
Mar 26, 2025
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के घर CBI की छापेमारी ने राज्य में सियासी घमासान छेड़ दिया है। कांग्रेस इसे सत्ता की हताशा और विपक्ष को दबाने की साजिश बता रही है, जबकि भाजपा इसे कानून का पालन करार दे रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने CBI की कार्रवाई को लोकतंत्र के खिलाफ साजिश करार देते हुए कहा तमाम असफल छापों और नाकाम साजिशों के बाद अब भाजपा ने CBI को भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के पीछे लगा दिया है। लेकिन कांग्रेस न रुकेगी, न झुकेगी।
सत्ता की हताशा साफ दिख रही है, लेकिन याद रखो सत्य कभी झुकता नहीं और अन्याय का अंत तय है! नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने भी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा CBI, ED और IT जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर भाजपा विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। लेकिन कांग्रेस सत्य और न्याय के साथ खड़ी है। सत्ता के अन्याय के खिलाफ यह लड़ाई जारी रहेगी। वहीं, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस को CBI जांच में सहयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा CBI एक केंद्रीय एजेंसी है, जो भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करती है। जांच में सहयोग करना चाहिए, न कि इसे राजनीति से जोड़ना चाहिए। भूपेश सरकार में मंत्री रहे अमरजीत भगत ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा जब-जब भूपेश बघेल को बड़ी जिम्मेदारी मिली, तब-तब केंद्रीय एजेंसियों को उनके पीछे लगा दिया गया। लेकिन कांग्रेस न डरने वाली है, न झुकने वाली!