जी20 समिट में पीएम मोदी और इटली की पीएम ने की मुलाकात
Nov 24, 2025
- मेलोनी ने दिल्ली में हुए धमाके की निंदा, आतंकवाद के खिलाफ हम भारत के साथ
जोहांसबर्ग,। दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग में हुए जी20 समिट में पीएम नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के बीच मुलाकात हुई। इस मुलाकात ने दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत किया है। इस बैठक में पीएम मेलोनी ने 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके पर भारत के प्रति पूरा समर्थन जताया और कहा कि इटली आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ है। बैठक में सबसे अहम फैसला रहा ‘इंडिया-इटली जॉइंट इनिशिएटिव टू काउंटर फाइनेंसिंग ऑफ टेरररिज्म’। यह संयुक्त पहल आतंकवाद और उसके फंडिंग नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए बनाई गई है।
मीडिया रिपोर्ट में विदेश मंत्रायल के हवाले से बताया गया है कि यह पहल भारत और इटली को एफएटीएफ और जीसीटीएफ जैसे वैश्विक मंचों पर एकसाथ काम करने में मदद करेगी। इसका मकसद दोनों देशों के बीच इंटेलिजेंस शेयरिंग, ट्रैकिंग मेकनिज्म और टेरर फंडिंग के खिलाफ सामूहिक कदम बढ़ाना है। पीएम मोदी और पीएम मेलोनी की बातचीत सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं रही। दोनों नेताओं ने ट्रेड, निवेश, तकनीक, एआई, स्पेस, डिफेंस, रिसर्च और कल्चरल कोऑपरेशन जैसे कई सेक्टर्स पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मेलोनी ने बातचीत में यूरोपीय संघ के साथ इंडिया–ईयू फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को जल्द पूरा करने का समर्थन भी दोहराया। उन्होंने कहा कि इटली 2026 में भारत की ओर से आयोजित होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट की सफलता के लिए पूरा समर्थन देगा। तकनीक और एआई के क्षेत्र में दोनों देशों का यह बढ़ता सहयोग भविष्य में कई नए अवसर खोलेगा. बैठक के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- पीएम जॉर्जिया मेलोनी के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। इंडिया-इटली स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप लगातार मजबूत हो रही है और दोनों देशो के नागरिकों को इसका बड़ा फायदा मिल रहा है। दोनों नेताओं की साझा तस्वीर भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही।
बता दें वर्तमान में भारत और इटली का व्यापार 2023-24 के दौरान करीब 15 बिलियन डॉलर के आसपास रहा है। वही 2000 से अब तक इटली ने भारत में करीब 4 बिलियन डॉलर का निवेश किया। यह आंकड़े बताते हैं कि दोनों देश आर्थिक रूप से भी एक दूसरे के लिए तेजी से अहम होते जा रहे हैं।