दिल्ली में आउटर रिंग रोड को जाम फ्री करने का प्लान रेडी

Jul 28, 2025

नई दिल्ली । दिल्ली सरकार ने आउटर रिंग रोड पर मोदी मिल और सावित्री सिनेमा चौराहे को जाम फ्री बनाने के लिए फ्लाईओवर बनाने का फैसला किया है। सरकार ने इसे कॉरिडोर पुनर्विकास परियोजना नाम दिया है। इसके तहत आउटर रिंग रोड पर 7.2 किलोमीटर के हिस्से को जाममुक्त बनाने की तैयारी है। साथ ही दक्षिणी दिल्ली के पॉश इलाके में यातायात को सुगम बनाने और एयरपोर्ट, फरीदाबाद, बदरपुर जैसे एनसीआर के शहरों से आवाजाही को आसान करना है। अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर केंद्र से फंड मांगा गया है।

इस परियोजना की अनुमानित लागत 411.97 करोड़ रुपये है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के मुताबिक, आउटर रिंग पर इस योजना के तहत मोदी मिल और सावित्री सिनेमा चौराहे पर दो फ्लाईओवर बनाने की तैयारी है। वर्तमान में इस सड़क पर सावित्री सिनेमा और कालकाजी पर दो सिंगल फ्लाईओवर हैं, जो आईआईटी दिल्ली की तरफ जाने के लिए सिग्नल फ्री कनेक्टिविटी देते हैं। जो लोग आईआईटी से ओखला की तरफ आना चाहते हैं, उन्हें भारी जाम का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने अब मोदी मिल फ्लाईओवर को बढ़ाकर प्रस्तावित कालकाजी फ्लाईओवर से जोड़ने की योजना बनाई है। दोनों फ्लाईओवर को जोड़ने से यह मार्ग सिग्नल फ्री हो जाएगा और ओखला मंडी से आने वाला ट्रैफिक यू-टर्न और लूप लेकर नेहरू प्लेस या आईआईटी की ओर जा सकेगा।


Subscribe to our Newsletter