एल्बम के लिए गाने लिख रहे हैं पीयूष मिश्रा

Dec 06, 2024

मुंबई । अपनी जिंदगी और करियर को लेकर अभिनेता, गीतकार और गायक पीयूष मिश्रा ने कई अहम बातें साझा कीं। पीयूष मिश्रा ने कहा कि अनुराग कश्यप उनके लिए छोटे भाई की तरह हैं। यह भी बताया कि वह जल्द ही एक एल्बम के लिए गाने लिख रहे हैं, जो 2025 में रिलीज होने की उम्मीद है।

 पीयूष मिश्रा ने बताया, अनुराग मेरे लिए छोटे भाई की तरह हैं। मुझे याद है कि जब वह दिल्ली में कॉलेज के छात्र थे, तब वह मेरा नाटक देखने आते थे। आप अनुराग से उनके टैलेंट को लेकर जब पूछेंगे तो वह बड़ी मासूमियत से जवाब देंगे, मैं प्रतिभाशाली नहीं हूं, बल्कि ऊपर वाले की मेहरबानी है। ग्वालियर में जन्मे और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से ग्रेजुएट पीयूष मिश्रा ने अपने रंगमंच के दिनों को याद करते हुए कहा कि दिल्ली के रंगमंच पर उनका दौर सिर्फ रोमांटिक नहीं था। उन्होंने बताया, बेशक मैं अपने काम में पूरी तरह से डूबा रहता था और दिन में 10 घंटे से अधिक काम करता था। इस बात पर मुझे बहुत गर्व था और इसके अलावा मुझे कुछ भी नहीं समझ में आता था। 

अभिनेता ने अपनी निजी जिंदगी के बारे में भी बात की और कहा, मैं रिहर्सल के लिए जल्दी निकल जाता और नशे में घर लौटता था। मुझे नहीं पता कि मेरी पत्नी प्रिय इन चीजों को कैसे संभालती थी।

पीयूष मिश्रा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, वह समय मुश्किल भरा था। मणिरत्नम की फिल्म दिल से में एक छोटी सी भूमिका निभाने के बाद दिल्ली वापस आना बहुत दुखद था। मुझे लगा कि अगर अब नहीं निकला तो फिर कभी नहीं निकल पाऊंगा। मिश्रा ने कहा कि इस समय उनके जीवन में कई बदलाव आए, और उन्होंने अपने अभिनय करियर में भी कई प्रमुख भूमिकाएं अदा की हैं।


Subscribe to our Newsletter