आ गई है गुलाबी ठंड
Oct 05, 2023
- 22 जिलों में 9 साल का रिकॉर्ड तोड़ेगी कड़ाके की ठंड
- मानसून की विदाई के बाद बदलने लगा मौसम
- उमस खत्म, दिन और रात के तापमान में दोगुना अंतर
भोपाल । मानसून की विदाई के बाद शहर के मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। रात में उत्तर पश्चिमी हवा चलने से न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इस कारण रात में ठंड होने लगी है। उमस अब खत्म हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है। 14 से 15 डिग्री सेल्सियस पर तापमान आने के बाद गुलाबी ठंड की शुरूआत हो जाएगी।
मानसून की विदाई के बाद शहर सहित अंचल में हवा का रुख उत्तर पश्चिम हो गया है। यह हवा अपने साथ ठंड लेकर आ रही है, जिससे रात में मौसम बदल गया है और ठंडक होने लगी है। सुबह हल्की ओस भी गिरना शुरू हो गई है। इससे सुबह के समय भी ठंडक होने लगी है। जबकि दिन में आसमान साफ होने से तेज धूप निकल रही है, जिससे दिन में गर्मी हो रही है। दिन व रात के तापमान में दोगुना अंतर हैं।
इसलिए बढ़ेगी ठंड
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इससे कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इसके गुजर जाने के बाद हवा का रुख फिर से उत्तर होगा। यह हवा ठंडक लेकर आएगी, जिससे रात में ठंड बढ़ेगी। दिन में तापमान स्थिर होगा। बंगाल की खाड़ी से आया कम दबाव का क्षेत्र पूर्वोत्तर राज्य की तरफ चला गया है। इस कारण अब नमी आने की संभावना नहीं है। इस वजह से आसमान साफ रहेगा।