बांग्लादेश के पूर्व चुनाव आयुक्त पर लोगों का हमला, अंडे-जूते फेंककर मारे
Jun 23, 2025
- पुलिस ने हुदा को लुंगी और टी-शर्ट में किया गिरफ्तार
ढाका,। बांग्लादेश में पूर्व चुनाव मुख्य आयुक्त नुरूल हुदा पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस दौरान उनके साथ लोगों ने मारपीट की और उन पर अंडे और जूते फेंके। हुदा साल 2017 से 2022 के बीच बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त थे। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने आरोप लगाए गए हैं कि हुदा ने अपने कार्यकाल में चुनाव में हेरफेर किए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रहा है कि भीड़ हुदा को घेरकर खड़ी है। उनके पुलिस कस्टडी में होने के बावजूद लोग उन पर हमला कर रहे हैं। जिस समय उन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया वह लुंगी और टीशर्ट में थे। यह घटना ऐसे समय पर हुई जब 77 साल के पूर्व अधिकारी के खिलाफ पूर्व पीएम खालिदा जिया की पार्टी ने मुकदमा दाखिल किया है।
उत्तर पश्चिम स्टेशन के प्रमुख ने कहा कि हुदा को भीड़ के घेर लेने की जानकारी लगने के बाद हम मौके पर पहुंचे थे। हमने उन्हें हिरासत में लिया है। ढाका मेट्रोपोलिटन मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस के उपायुक्त का कहना है कि बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) की तरफ से किए गए केस के बाद हुदा को गिरफ्तार किया है। हुदा, पूर्व पीएम शेख हसीना समेत 18 लोगों के खिलाफ केस दायर किया गया है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि ढाका के उत्तर इलाके में भीड़ ने हुदा के आवास पर हमला कर दिया था और पुलिस के आने से पहले उन्हें घर से बाहर निकाल लिया था।
इसके बाद अंतरिम सरकार की तरफ से बयान में कहा गया है कि भीड़ की तरफ से पैदा की गई अराजक स्थिति और आरोपी के खिलाफ शारीरिक हिंसा ने सरकार का ध्यान खींचा है। सरकार ने नागरिकों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है। साथ ही अंतरिम सरकार ने उचित कार्रवाई की बात कही है।