शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर देशभर के लोगों से करोड़ों की ठगी

Mar 02, 2024

नई दिल्ली । दक्षिणी दिल्ली साइबर अपराधियों के गिरोह ने शेयर मार्केट में निवेश कराने का झांसा देकर देशभर के सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिये। जालसाजों ने फर्जी ऐप बनाकर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पीड़ितों को अपने जाल में फंसाया। इसको लेकर साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ितों ने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से स्टॉक मार्केट इन्वेस्टमेंट फर्म से संपर्क किया था। इसके तुरंत बाद ही उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप पर जोड़ दिया गया।

यहां पर अनुराग ठाकुर नाम के व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने कहा कि यदि वह फर्म के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश करेंगे तो 500 फीसदी मुनाफा मिलेगा। इसके बाद आरोपित ने पीड़ितों से उनकी निवेश की रकम, आधार कार्ड, उनकी आय, घर का पता और मोबाइल नंबर लिया। फिर जालसाज ने पीड़ितों से मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड कराया। इस ऐप पर शिकायतकर्ताओं के बैंक खाते व आधार कार्ड का पंजीकरण करा लिया। इस तरह जालसाजों ने पीड़ितों से करोड़ों रुपये का निवेश करा लिया। पीड़ितों ने ऐप से अपने मुनाफे की रकम निकलवाने की कोशिश की तो उनके खाते को ब्लाक कर दिया गया। इसे अनब्लाक करने के लिए लाखों रुपये की मांग की जा रही है।


Subscribe to our Newsletter