कांग्रेस कार्यालय में PCC चीफ का मोबाइल चोरी, विजय शर्मा ने साधा निशाना– संस्कार और सुरक्षा दोनों ज़रूरी
Jun 30, 2025
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित बैठक के दौरान पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज का मोबाइल फोन चोरी हो गया। इस घटना को लेकर जहां कांग्रेस खेमे में हलचल मच गई है, वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे लेकर कांग्रेस पर तीखा तंज कसा है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जब कांग्रेस कार्यालय के अंदर, पार्टी की ही बैठक में यह घटना हुई, तो इसका जवाब कांग्रेस को खुद देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी की अंदरूनी बैठकों में इस तरह की चूक गंभीर है। जब अंदर ही ऐसी गड़बड़ हो रही है, तो बाहर क्या होता होगा, यह सोचने की बात है।
साथ ही, उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संस्कार सुधारने की सलाह भी दी। इस मामले पर भाजपा नेत्री राधिका खेड़ा ने भी कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राधिका खेड़ा के साथ पूर्व में जो घटना हुई थी, वह भी गंभीर विषय था और इसकी शिकायत भी उन्होंने स्वयं की थी।विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी अपने प्रदेश कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाने से बच रही है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने बताया कि विष्णुदेव साय सरकार जल्द ही एक ऐसा कानून लाने की तैयारी में है, जिसके तहत सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया जाएगा।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खड़गे द्वारा बार-बार सनातन परंपरा और मूल्यों का अपमान किया गया है, ऐसे व्यक्ति का स्वागत नहीं किया जाना चाहिए। मुख्य सचिव अमिताभ जैन की सेवानिवृत्ति पर उपमुख्यमंत्री ने उनकी कार्यशैली की सराहना की और कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती प्रदान की। विजय शर्मा ने विश्वास जताया कि आगामी परिवर्तन राज्य को सकारात्मक दिशा में आगे ले जाएगा।