पीसीबी ने इमरान के जन्मदिन पर वीडियो जारी किया

लाहौर । पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने महान ऑलराउंडर और कप्तान रहे इमरान खान के जन्मदिन पर उनका एक वीडियो जारी किया है। इमरान की कप्तानी में ही पाक ने 1992 विश्वकप जीता था। इमरान का आज जन्मदिन है। 5 अक्‍टूबर 1952 को जन्‍मे इमरान आज 71 साल के हो गए। इस मौके पर पीसीबी  ने इमरान के क्रिकेट कौशल का खास वीडियो शेयर किया है जिसमें इस महान खिलाड़ी को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ 1986 के फैसलाबाद टेस्‍ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है। इमरान को पाकिस्‍तानी क्रिकेट टीम के सर्वकालीन सर्वश्रेष्‍ठ कप्‍तानों में से एक माना जाता है।

पीसीबी का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब विश्वकप में पाक टीम उतर रही है। पाक टीम को 6 अक्‍टूबर को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना है। सोशल मीडिया पर साझा किये इस वीडियो में इमरान के वर्ष 1986 के फैसलाबाद टेस्‍ट में वेस्‍टइंडीज के खिलाफ ऑलराउंडर प्रदर्शन को  दिखाया गया है। इस मैच में इमरान ने पहली पारी में 61 और दूसरी पारी में 23 रन बनाए थे। इसक साथ ही गेंदबाजी में हाथ दिखाते हुए पहली पारी में एक और दूसरी पारी में महज 30 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे.

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान के जन्मदिन पर जारी पीसीबी के वीडियो ने पाकिस्‍तान के क्रिकेट प्रशंसकों को भी हैरान किया है। एक प्रशंसक ने लिखा, वर्ल्‍डकप 1992 के विनिंग मूमेंट्स भी शेयर करिए जबकि एक अन्‍य ने लिखा-पिछली बार इमरान की उपेक्षा पर लोगों के विरोध को देखते हुए पीसीबी ने सबक सीखा और जनता की भावनाओं के अनुरूप इमरान के जन्मदिन जश्न मनाया।



Subscribe to our Newsletter