पेटीएम का शेयर पांच फीसदी चढ़ा

Feb 19, 2024

मुंबई । पेटीएम का शेयर सोमवार को शुरुआती कारोबार में 5 प्रतिशत उछलकर 358.55 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गया। पेटीएम के शेयरों में यह तेजी दरअसल पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस की तरफ से हाल ही में की गई बड़ी घोषणा के बाद आई है। फिनटेक कंपनी पेटीएम ने 16 फरवरी को अपना मुख्य खाता पेटीएम पेमेंट्स बैंक से हटाकर एक्सिस बैंक में ट्रांसफर कर दिया है।

भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से मिली 15 दिन की राहत के कुछ ही देर बाद ही पेटीएम ने यह जानकारी दी कि उसने अपना नोडल अकाउंट पेटीएम पेमेंट्स बैंक से एक्सिस बैंक में ट्रांसफर कर दिया है। कंपनी ने कहा कि उसकी पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने अपने नोडल अकाउंट को एक एस्क्रो अकाउंट के जरिये एक्सिस बैंक में ट्रांसफर कर दिया और वहां अकाउंट खोल लिया है। इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को पेटीएम पेमेंट्स बैंक के लिए समय सीमा को 29 फरवरी से बदलकर 15 मार्च तक बढ़ाने के भी ऐलान किया। यह मोहलत 31 जनवरी को लगाए गए कुछ प्रतिबंधों पर लागू है।


Subscribe to our Newsletter