पटना ट्रैफिक पुलिस ने पांच महीनों के दौरान काटे 60 करोड़ रुपये के ई-चालान

पटना, । बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर ट्रैफिक नियम तोड़ना अब वाहन चालकों की जेब पर भारी पड़ रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने हाईटेक सीसीटीवी कैमरों, हैंडहेल्ड डिवाइस (एचएचडी) और चौक-चौराहों पर सख्त चेकिंग के जरिए 4.5 लाख से ज्यादा चालान काटे। इनमें बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग, बिना सीटबेल्ट के गाड़ी चलाना, ट्रैफिक सिग्नल तोड़ना और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग आदि शामिल है। बताया गया है कि इस साल के बीते पांच महीनों के दौरान पटना ट्रैफिक पुलिस ने सख्त वाहन चेकिंग और सीसीटीवी निगरानी के जरिए 60 करोड़ रुपये के ई-चालान काटे हैं। यानि हर रोज औसतन 40 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने कहा कि यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए की जा रही है, न कि केवल जुर्माना वसूलने के लिए। गलत चालान होने पर जांच के बाद उसे रद्द करने की सुविधा भी उपलब्ध है। इस अभियान ने ट्रैफिक उल्लंघन को कम करने के साथ-साथ चोरी की गाड़ियों को पकड़ने में भी मदद की है। ट्रैफिक एसपी ने स्पष्ट किया कि अगर किसी का चालान गलत कटा है, तो उसे तुरंत भुगतान करने की जरूरत नहीं है। नागरिक ट्रैफिक एसपी कार्यालय में आवेदन देकर चालान की जांच करवा सकते हैं। 15 दिनों के भीतर जांच पूरी हो जाती है और अगर चालान गलत पाया जाता है, तो उसे रद्द कर दिया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऑन-द-स्पॉट चालान भरते समय रसीद जरूर लें और पुलिस के दबाव में रिश्वत न दें। गलत चालान की शिकायत के लिए पटना ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट या परिवहन सेवा पोर्टल पर वाहन नंबर और चालान नंबर के साथ आवेदन किया जा सकता है।


Subscribe to our Newsletter