ग्रेटर नोएडा मेट्रो के 12 स्टेशनों पर शुरू होंगी पार्किंग
Jun 30, 2025
नोएडा नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो लाइन के 12 स्टेशनों पर पार्किंग चलाने के लिए तीन एजेंसियां आगे आईं हैं। अब इन एजेंसियों की तकनीकी बिड के तहत जांच पूरी करने के बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि फाइनेंशियल बिड में एजेंसियों का चयन होते ही उन्हें पार्किंग चलाने का जिम्मा दे दिया जाएगा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) के अधिकारियों ने बताया कि इस लाइन पर 21 मेट्रो स्टेशन हैं। एनएमआरसी ने इनमें से 16 स्टेशन पर ही पार्किंग शुरू करने की योजना कुछ साल पहले तैयार की थी। बाकी बचे पांच स्टेशन पर नाममात्र की सवारियां आती-जाती हैं। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे में अभी इन जगह पार्किंग शुरू करने की योजना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि 16 में से चार स्टेशन पर दो महीने पहले पार्किंग शुरू हो चुकी है। इनमें सेक्टर-51, सेक्टर-142, 146, और अल्फा वन स्टेशन हैं। बाकी बचे 12 स्टेशन पर पार्किंग शुरू करने के लिए एनएमआरसी कई महीने से टेंडर जारी कर रहा था। अब जाकर तीन एजेंसियां पार्किंग चलाने के लिए आगे आईं हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन स्टेशनों पर पार्किंग के लिए डिजिटल बूम बैरियर और ऑटोमेटिक बैरियर लगाए जाएंगे, जिससे आने-जाने का समय और पार्किंग शुल्क का ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। लोग नकद भुगतान भी कर सकेंगे।
पार्किंग शुरू होने से अपने वाहनों को मेट्रो स्टेशन के पास सुरक्षित रूप से खड़े करने में लोगों को मदद मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि पार्किंग स्थल सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक खुले रहेंगे और रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक संचालन बंद रहेगा। सेक्टर अल्फा वन मेट्रो स्टेशन पर ही वाहनों के लिए बहुमंजिला पार्किंग तैयार की जाएगी। यहां पर एक हजार से अधिक वाहन खड़ हो सकेंगे। अल्फा वन मेट्रो स्टेशन पर काफी संख्या में लोग आते-जाते हैं। यहां पर पार्किंग बन जाने से मेट्रो स्टेशन के अलावा आसपास आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने में सहूलियत होगी। गौरतलब है कि एक्वा लाइन के 10 मेट्रो स्टेशन को को-ब्राडिंग के तहत देने के लिए योजना भी लाई जाएगी।