पाकिस्तान को 1.1 अरब डालर की मिलेगी मदद
Mar 21, 2024
इस्लामाबाद। पाकिस्तान लंबे समय से आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। इसके लिए कई देशों से मदद भी मांग चुका है। अब पाकिस्तान को बड़ी राहत मिली है।तीन अरब डालर के बेलआउट पैकेज को लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की टीम और पाकिस्तानी अधिकारियों के बीच एक कर्मचारी स्तर समझौता हुआ है, इससे 1.1 अरब डालर की अंतिम किस्त जारी करने का रास्ता साफ हो गया है। अब इस पर आइएमएफ के कार्यकारी बोर्ड की मंजूरी मिलनी है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) की टीम नाथन पार्टर के नेतृत्व में 14 से 19 मार्च तक इस्लामाबाद में रही। टीम ने इस दौरान आइएमएफ समर्थित पाकिस्तान के आर्थिक कार्यक्रम की दूसरी और अंतिम समीक्षा की। आइएमएफ कार्यकारी बोर्ड ने पिछले साल पाकिस्तान के लिए तीन अरब डालर की स्टैंड-बाय व्यवस्था को मंजूरी दी थी। आइएमएफ ने कहा कि समझौता हाल के महीनों में पाकिस्तान के स्टेट बैंक और कार्यवाहक सरकार द्वारा मजबूत कार्यक्रम कार्यान्वयन को मान्यता देता है।
टीम ने कहा कि पहली समीक्षा के बाद पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। लेकिन अभी और सुधार करना होगा। आइएमएफ ने कहा कि लक्ष्य को पूरा करने के लिए इस वित्तीय वर्ष में पाकिस्तान को आगे भी गैस और बिजली की दरों को बढ़ाना होगा। आइएमएफ ने यह भी बताया कि पाकिस्तान ने मध्यम अवधि के नए बेलआउट पैकेज में रुचि दिखाई है। आने वाले महीनों में इस पर चर्चा की जाएगी।