(इस्लामाबाद) पाकिस्तान में बाढ़ का प्रकोप, लगा 'शिक्षा आपातकाल', 20 लाख बच्चे छोड़ सकते हैं स्कूल
Sep 03, 2022
पाकिस्तान भारी बारिश की प्राकृतिक आपदा ने देश को तहस-नहस कर दिया है। देश के 110 जिले बाढ़ में डूब गए है, जिसके चलते बच्चों की स्कूली शिक्षा भी रुक गई है। सिंध के शिक्षा और संस्कृति मंत्री सैयद सरदार अली शाह ने प्रांत में शिक्षा आपातकाल की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा है कि प्रांत में 20 लाख से अधिक बच्चे ड्रॉपआउट कर सकते हैं।
खबरों के मुताबिक शिक्षा मंत्री सैयद सरदार अली शाह ने कहा है कि बाढ़ से बड़े पैमाने पर हुए विनाश में स्कूल पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, जिस वजह से 20 लाख से अधिक बच्चे स्कूल छोड़ सकते हैं। उपायुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय बाल कोष और विभिन्न कल्याण संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में सरदार ने कहा कि नुकसान से निपटने के लिए प्रांत में शिक्षा आपातकाल लगाया गया है। उन्होंने कहा कि चल रही राहत गतिविधियों के अलावा, शिक्षा को बचाने और यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि अपेक्षित ड्रॉपआउट न हो।
शिक्षा मंत्री ने इस तबाही के बीच कहा कि सिंध प्रांत में शिक्षा विभाग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टेंट स्कूल स्थापित करने की योजना बना रही है ताकि बच्चो के ड्रॉपआउट होने का चांस न रहे और वह इस आपदा में भी अपनी शिक्षा पूरी कर सके। उन्होंने आगे कहा, 'यदि बेघर बच्चों को उनके अस्थायी शिविरों में सीखने का माहौल नहीं दिया जाता है, तो बड़े पैमाने पर ड्रॉपआउट देखे जा सकते हैं और इस चुनौती को दूर करने के लिए, शिक्षा विभाग को राहत शिविरों में टेंट स्कूल स्थापित करना जरुरी है।'