पाक पीएम के सलाहकार ने की ऐसी बात भड़क गईं इमरान खान की पूर्व पत्नी
Jul 11, 2025
-शहबाज सरकार बेटे को पिता से नहीं मिलने दे रही, फोन पर नहीं कराते बात
वॉशिंगटन,। बीते करीब दो सालों से जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को अब पहली पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ का समर्थन मिला है। जेमिमा को इमरान से तलाक लिए 21 साल हो चुके हैं, लेकिन जेल में बंद इमरान खान से बच्चों को न मिलने देने पर जेमिमा ने ऐतराज जताया है। जेमिमा और इमरान खान की शादी 1995 में हुई थी और 2004 में दोनों अलग हो गए थे। दोनों के दो बेटे सुलेमान इसा खान और कासिम खान हैं। दोनों बेटे मां के साथ ही रहते हैं, लेकिन इमरान से भी वह संपर्क में रहते थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान बीते करीब दो सालों से जेल में बंद हैं तो बेटों को भी पिता की फिक्र है। यही नहीं उनकी इमरान खान से फोन पर बात तक नहीं हो पा रही है। इसके अलावा पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह के बयान पर जेमिमा भड़क गईं, जिसमें सनाउल्लाह ने बेटों को भी गिरफ्तार करने की बात कही है। सनाउल्लाह ने कहा था कि यदि इमरान खान के बेटे पाकिस्तान आए और विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस पर जेमिमा ने सख्त ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि मेरे बच्चों को अपने पिता इमरान खान से फोन पर बात करने की अनुमति नहीं है। वह लगभग दो सालों से जेल में एकांतवास में हैं। इसके अलावा इमरान के बेटे कासिम ने भी एक्स पर एक पोस्ट लिखी है।
कासिम ने लिखा- मेरे पिता इमरान खान को जेल में बंद हैं। वह एकांतवास में है। उन्हें वकीलों तक से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उन्हें परिवार से दूर रख गया है। वह पूरी दुनिया औऱ यहां तक कि अपने बच्चों से भी कट गए हैं। उनके निजी डॉक्टर को भी मिलने नहीं दिया जा रहा। यह न्याय नहीं अन्याय है। यह एक सोची समझी साजिश है कि कैसे पाकिस्तान में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खड़े एक शख्स को तोड़ दिया जाए। वह लोकतंत्र के लिए लड़ रहे हैं।
वहीं जेमिमा ने कहा कि पाकिस्तान सरकार कहती है कि इमरान खान के बेटे यदि पिता से मिलने आए तो गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह कोई लोकतांत्रिक सरकार नहीं है। यह राजनीति भी नहीं है। यह किसी आदमी से बदला लेने वाली बात है। हालांकि राणा सनाउल्लाह अब भी अपनी बात पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई हिंसक आंदोलन को लीड करने के लिए आता है तो उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया जाएगा। हिंसा भड़काने की कोशिश हुई तो उसका अंजाम तो भुगतना ही पड़ेगा। इस बीच यह भी चर्चा है कि इमरान खान के बेटे वॉशिंगटन में पीटीआई के आंदोलन में हिस्सा लेने जाएंगे।