क्षत्रिय समाज पर विवादित टिप्पणी के विरोध में अनशन पर उतरी पद्मिनीबा, रूपाला का टिकट रद्द करने की मांग

Apr 03, 2024

अहमदाबाद | राजकोट लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पुरुषोत्तम रूपाला की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही| क्षत्रिय समाज के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी में रूपाला इस कदर फंस गए हैं कि माफी मांगने के बावजूद उन्हें कोई राहत नहीं मिल रही| क्षत्रिय समाज के ज्यादातर लोग राजकोट सीट से पुरुषोत्तम रूपाला का टिकट रद्द करने की मांग पर अडिग है| राजकोट में करणी सेना की महिला नेता पद्मिनीबा वाळा अनशन पर उतर गई हैं| यह अनशन तब तक जारी रहेगा जब तक पुरुषोत्तम रूपाला का टिकट रद्द नहीं हो जाता| दूसरी ओर अहमदाबाद में आज क्षत्रिय समाज की बैठक होनेवाली है, जिसमें पद्मिनीबा को नहीं बुलाया गया| इस पर पद्मिनीबा का कहना है कि बैठक 8 लोगों के बीच नहीं होनी चाहिए, बल्कि क्षत्रिय समाज के बीच होनी चाहिए| मुझे अहमदाबाद में होनेवाली बैठक का निमंत्रण नहीं दिया गया|

गौरतलब है मोदी सरकार के मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला का 24 मार्च को दिया गया विवादित बयान उनके जी का जंजाल बनता जा रहा है| अपने विवादित बयान को लेकर रूपाला एक नहीं बल्कि तीन दफा माफी मांग चुके हैं| बावजूद इसके क्षत्रिय समाज उन्हें माफ करने को तैयार नहीं है| राजकोट से रूपाला के खिलाफ शुरू हुआ क्षत्रिय समाज का विरोध अब राज्यभर में फैलता जा रहा है| सौराष्ट्र-कच्छ, उत्तर, मध्य और दक्षिण गुजरात में क्षत्रिय समाज पुरुषोत्तम रूपाला का विरोध कर रहा है| जगह जगह क्षत्रिय समाज रूपाला के खिलाफ ज्ञापन देकर अपना विरोध जता रहा है| आणंद में भी रूपाला के खिलाफ विरोध तेज हो गया है| सौराष्ट्र के कई गांवों में रूपाला और भाजपा के प्रवेशबंदी के पोस्टर लगाए गए हैं| आणंद के उमरेठ में भी रूपाला के खिलाफ पोस्टर वॉर शरू हो गया है| क्षत्रिय समाज की एक ही मांग है और वह यह कि राजकोट सीट से रूपाला का टिकट रद्द किया जाए|


Subscribe to our Newsletter