धान का रकबा 11 फीसदी बढ़कर 29.44 लाख हेक्टेयर हुआ
Apr 06, 2024
- पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 6.33 लाख हेक्टेयर था
नई दिल्ली । इस मौसम में दलहन, तिलहन फसलों के साथ ही धान के रकबा में बढ़ोतरी देखी जा रही है। दाल की महंगाई के बीच दलहन फसलों के रकबा में बढ़ोतरी होना उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। समर सीजन में धान का रकबा करीब 11 फीसदी बढ़कर 29.44 लाख हेक्टेयर दर्ज किया। इस मौसम की प्रमुख दलहन फसल मूंग है। 5 अप्रैल तक इस मौसम में 6.52 लाख हेक्टेयर में मूंग की बोआई हो चुकी है। पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 6.33 लाख हेक्टेयर था। इस मौसम में मूंग का रकबा 3 फीसदी बढ़ा है। इस मौसम की दूसरी प्रमुख दलहन फसल उड़द के रकबा में 5.6 फीसदी इजाफा हुआ है।
5 अप्रैल तक 2.23 लाख हेक्टेयर में उड़द बोई जा चुकी है, जबकि पिछले साल इस तारीख तक 2.11 लाख हेक्टेयर में उड़द की बोआई हुई थी। इस मौसम में अब तक कुल दलहन की बोआई का आंकड़ा 8.97 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया, जो पिछली समान अवधि में 8.70 लाख हेक्टेयर में हुई कुल बोआई से 3.10 फीसदी ज्यादा है। तिलहन फसलों के रकबा में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
इस सप्ताह तक 8.48 लाख हेक्टेयर में तिलहन फसलों की कुल बोआई हो चुकी है, जो पिछली समान अवधि में 8.26 लाख हेक्टेयर में बोई गई कुल तिलहन फसलों से ज्यादा अधिक है। मूंगफली समर सीजन की सबसे बड़ी तिलहन फसल है। इस सप्ताह तक 3.89 लाख हेक्टेयर में मूंगफली की बोआई हो चुकी है। पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 3.77 लाख हेक्टेयर था। चालू समर सीजन में तिल का रकबा पिछले साल के 4 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 4.10 लाख हेक्टेयर, सूरजमुखी का रकबा 3.57 फीसदी बढ़कर 0.29 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया।