जीत से एक कदम दूर नेतन्याहू ने गाजा से वापस बुलाई सेना, ईरान इस दिन कर सकता है हमला
Apr 08, 2024
तेलअवीव।इजरायली के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सार्वजनिक तौर पर कबूल किया कि उनकी सेना जीतने ही वाली है और फिलहाल सेना की कुछ टुकड़ियों को वापस बुला लिया गया है। इजरायली सेना ने ऐसा सिर्फ गाजा ही नहीं राफा शहर में भी किया है। खबर है कि ईरान इजरायल पर एक दो दिन में बड़ा हमला कर सकता है। जिससे इजरायल में खलबली मची हुई है। दरअसल इजरायल और अमेरिका को अंदेशा है कि ईरान यहूदी देश पर बड़ा हमला करने की योजना बना रहा है। खुफिया सूत्रों के हवाले से यह भी बता दिया है कि ईरान इजरायल पर कब और कितनी ताकत से हमला करने वाला है। ऐसी खबरें हैं कि रमजान पूरा होने तक ईरान कभी भी इजरायली धरती पर हमला कर सकता है। ईरान हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल कर सकता है। मिसाइलों और ड्रोन को ईरानी धरती से ही संचालित किया जाएगा।
प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को हमास के खिलाफ जंग के छह महीने पूरे होने के बाद बयान दिया कि हम जीत से एक कदम दूर हैं। साप्ताहिक कैबिनेट बैठक में नेतन्याहू ने हमास के खिलाफ अपने लक्ष्यों को पूरा करने के प्रति फिर से प्रतिबद्धता जताई। नेतन्याहू ने हालांकि इस बात की भी पु्ष्टि की कि हमने फिलहाल अपने सैनिकों को गाजा और राफा शहर से वापस बुला लिया है। इसकी बड़ी वजह ईरान बताई जा रही है। सीरिया के राजधानी दमिश्क में अपने दूतावास पर इजरायल के कथित हमले के बाद से ईरान बदले की आग में जल रहा है। इस हमले में 13 लोगों की मौत हो गई थी। इजरायल के अंदर खलबली मची हुई है कि ईरान उस पर कभी भी हमला कर सकता है। इन आशंकाओं के बीच इजरायली सेना गाजा से लौट आई है। मामले के जानकार मानते हैं कि ईरान का इजरायल पर बड़े हमले के चांस काफी कम है। वो इसलिए क्योंकि इजरायल के मुकाबले ईरान सैन्य शक्ति में कमजोर है और वह मध्य पूर्व में नये युद्ध को शुरू नहीं करना चाहता। सूत्रों का कहना है कि ईरान का इजरायली धरती पर हमले का उद्देश्य माकूल जवाब देना है। उसे लगता है कि अगर अभी वो चुप रहा तो भविष्य में इजरायल उस पर दबाव बनाने के लिए फिर से हमले कर सकता है। ईरान चाहता है कि इजरायल को जवाब जरूर मिलना चाहिए।