एक बार फिर उत्‍तरकाशी में 3.0 तीव्रता का आया भूंकप

देहरादून । भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील उत्‍तराखंड के उत्‍तरकाशी जिले की धरती एक बार फिर कांप गई। सोमवार सुबह लगभग 8:35 बजे यहां भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि रिक्‍टर स्‍केल पर इसकी तीव्रता 3.0 नापी गई है। भूकंप के चलते जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। झटके लगने पर किसी बड़ी आशंका से डरे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप का केंद्र हिमाचल प्रदेश से लगे मोरी ब्‍लॉक के कोठीगाड रेंज में जमीन से पांच किमी नीचे था। सिर्फ इसी साल उत्‍तरकाशी में कई मौकों पर कम तीव्रता का भूकंप आ चुका है।

जिले में कई स्‍थानों पर दरार की वजह से दहशत है, ऐसे में भूकंप का आना लोगों के लिए और डर की वजह बन रहा है। इससे पहले सात अप्रैल 2023 में यहां भूकंप आया था जिसकी तीव्रता भी 3.0 थी। भूकंप का केंद्र जिला मुख्‍यालय के नजदीक माण्‍डो गांव के जंगलों में बताया गया था। उत्‍तराखंड में उत्‍तरकाशी, पिथौरागढ़, चमोली और बागेश्‍वर जिले भूकंप के लिहाज से संवेदनशील हैं। उत्तराखंड जोन पांच में आता है।

गढ़वाल का उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग जिला और कुमाऊं का कपकोट, धारचूला, मुनस्यारी क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से सर्वाधिक संवेदनशील है। इन क्षेत्रों में भी उत्‍तरकाशी सबसे ज्‍यादा संवेदनशील क्षेत्र है। उत्तरकाशी भूगर्भीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील जोन-4 औ 5 में आता है। वर्ष 1991 में उत्‍तरकाशी आए में भूकंप ने काफी तबाही मचाई थी। 6.8 तीव्रता के इस भूकंप में 768 लोगों की जान चली गई थी। 1800 लोग बुरी तरह से घायल हुए थे और तीन हजार परिवार बेघर हो गए थे।



Subscribe to our Newsletter