चंद्रयान-3 की लैंडिंग पर कपिल सिब्बल बोले पंडित नेहरू से लेकर अब तक की सरकारों को बधाई
Aug 24, 2023
नई दिल्ली । मशहूर वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने चंद्रयान-3 की सफलता पर वैज्ञानिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वह अंतरिक्ष में भारत की इस सफलता से बेहद उत्साहित हैं और यह एक सपने के सच होने के जैसा है।
इस दौरान उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से लेकर अब तक की सरकारों को भी इसरो का साथ देने के लिए बधाई दी है। कपिल ने कहा मैं चंद्रयान-3 के मून पर लैंड करने की घटना से बेहद प्रभावित, उत्साहित और अभिभूत हूं। यह एक सपने के सच होने जैसा है और हमें सभी वैज्ञानिक पर गर्व है। हमें जवाहरलाल नेहरू से लेकर हर सरकार को बधाई देनी चाहिए जिन्होंने इस महान संगठन इसरो का सपोर्ट दिया है जिसने हमें वैश्विक रूप से गौरवान्वित किया है।
चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने चांद के साउथ पोल पर उतरने में सफलता हासिल करने के बाद वहां की तस्वीर भी भेजी है जिसे इसरो ने शेयर किया है। इसरो ने तस्वीर ट्वीट कर लिखा चंद्रयान-3 के लैंडर और बेंगलुरु में स्थित कमांड सेंटर के बीच संचार लिंक स्थापित किया गया है। ये तस्वीरें नीचे उतरते समय लैंडर हॉरिजॉन्टल वेलोसिटी कैमरे से ली गई हैं। इसरो को मिली इस ऐतिहासिक सफलता के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों की तरफ से भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बीजेपी, कांगेस, आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने भी ट्वीट कर बधाई दी है। उधर, सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा ये ऐतिहासिक है। देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। हम सबके लिए गर्व की बात है। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए सभी देशवासियों, इसरो के वैज्ञानिकों, इंजीनियर और कर्मचारियों को बहुत-बहुत बधाई। भारत माता की जय।