राहुल गांधी के बयान पर.....सीतारमण ‘‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’’
May 08, 2024
मनमोहन सरकार में पीएसयू को नुकसान उठाना पड़ा
नई दिल्ली । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मनमोहन सरकार के दौरान सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू) को नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि पहले उपेक्षित रहे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) जैसे उपक्रमों का मोदी सरकार के दौरान ‘‘पुनरुत्थान’’ हुआ। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी के सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के परेशानी झेलने के आरोपों का खंडन करते हुए सीतारमण ने कहा कि यह ‘‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’’ जैसा है। वित्त मंत्री ने लिखा, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) फल-फूल रहे हैं, तथा उन्हें बढ़ी हुई परिचालन स्वतंत्रता के साथ-साथ उनमें पेशेवर संस्कृति का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सरकार के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को नुकसान उठाना पड़ा। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड जैसे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम जो पहले यूपीए सरकार के दौरान उपेक्षित थे, मोदी सरकार के दौरान फिर से खड़े हुए।
सीतारमण ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि पीएसयू को खत्म किया जा रहा है और वर्तमान सरकार के अधीन वे परेशान हैं, लेकिन वास्तव में यह ‘‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’’ जैसा है क्योंकि तथ्य कुछ और बयां करते हैं। वित्त मंत्री ने राहुल गांधी पर एचएएल पर ‘‘दुर्भावनापूर्ण’’ हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके दावों के विपरीत, एचएएल का बाजार मूल्यांकन चार वर्षों में 1,370 प्रतिशत बढ़ गया है, जो 2020 में 17,398 करोड़ रुपये से बढ़कर सात मई 2024 तक 2.5 लाख करोड़ रुपये था। एचएएल ने 31 मार्च 2024 को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 29,810 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व दर्ज करने की घोषणा की है। यह उसका अभी तक का सर्वाधिक राजस्व है। उसके पास 94,000 करोड़ रुपये से अधिक का मजबूत ऑर्डर बुक भी है।