वृद्धा को बंधक बना नकदी और आभूषण समेत दो लाख की लूट, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

भरुच | झाडेश्वर अकेली रहने वाली 70 वर्षीय वृद्धा को बंधक बनाकर नकदी और आभूषण समेत दो लाख की लूट चलाने की घटना सामने आई है| पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है| वृद्धा रमीलाबेन पटेल के दामाद शिल्पेश पटेल ने बताया कि उनकी सास के घर का रिनोवेशन चल रहा है, जिसकी वजह से पड़ौस के मकान में किराये पर रहती हैं| बीती रात रमीलाबेन अपने घर में अकेली थीं, उस वक्त अज्ञात लुटेरों ने उनके मकान में धावा बोल दिया| रात करीब 3 बजे निद्राधीन रमीलाबेन पटेल की घर में कुछ आवाज सुनकर आंख खुल गई| बिस्तर उठकर जब वह घर की जांच कर रही थी, तब दो शख्सों को देख वह चौंक उठी| चोरी के इरादे से आए शख्स अलमारी और फर्निचर में तोड़फोड़ कर कीमती सामान की तलाश कर रहे थे| रमीलाबेन पटेल के वहां पहुंचने पर दोनों शख्सों ने उन्हें चाकू की नोंक पर बंधक बना लिया| जिसके बाद रमीलाबेन ने जो गहने पहन रखे थे वह उतरवा लिए| साथ ही घर में रखी नकदी भी लूट ली| घटना की खबर मिलते ही पुलिस काफिला घटनास्थल पर पहुंच गया और मामले की जांच शुरू कर दी| प्रभारी पुलिस उपाधीक्षक एमएम गांगुली ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फूटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि अज्ञात लुटेरों को पकड़ा सके|



Subscribe to our Newsletter