अब बीबीएल में सिडनी थंडर से खेलेंगे वार्नर

सिडनी । पूर्व ऑस्ट्रलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने घरेलू बिग बैश लीग (बीबीएल) के लिए सिडनी थंडर टीम  के साथ दो साल का नया करार किया है। वहीं स्टीव स्मिथ ने सिडनी सिक्सर्स के साथ तीन साल का करार किया है और वह भी इस लीग मे खेलते रहेंगे। वार्पर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले लिया है, ऐसे में वह इस बार बीबीएल में पूरे समय उपस्थित रहेंगे। 

वार्नर ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण पिछले दो सत्रों में थंडर के लिए केवल आठ मैच ही खेले थे। इस बार वह पूरा सत्र खेलेंगे। इससे उनकी टीम को वार्नर के दो दशक के अनुभवों का लाभ भी मिलेगा। थंडर के महाप्रबंधक ट्रेंट कोपलैंड ने अपने एक बयान में कहा, वार्नर जहां भी खेलते हैं, वह अपने आक्रामक अंदाज से प्रशंसकों में लोकप्रिय रहते हैं। भारत में भी वह आईपीएल में खासे पसंद किये जाते रहे हैं। ऐसे में सिडनी के पश्चिम में दक्षिण एशियाई समुदाय थंडर में उनका भरपूर समर्थन करेगा। साथ ही कहा कि वार्नर के आने से टीम बेहतर होगी क्योंकि वह विश्व के शीर्ष स्तर के सलामी बल्लेबाज रहे हैं।वहीं स्मिथ को तीन साल के अनुबंध के जरिये सिक्सर्स के साथ लंबे समय तक रहने का समय मिलेगाहै।

स्मिथ अभी ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट सलामी बल्लेबाजों में से एक हैं, इस करार से उन्हें एक पूर्ण बीबीएल सत्र खेलने का अवसर मिला है। स्मिथ 2012 के  उद्घाटन सत्र में बीबीएल जीतने वाली सिक्सर्स टीम में शामिल थे। दो साल पहले पांच मैचों में लगातार दो शतकों के साथ उन्होंने अच्छी वापसी की थी। वार्नर और स्मिथ के अलावा मार्नस लाबुशेन और एलेक्स कैरी भी अपनी-अपनी पसंदीदा बीबीएल टीमों से जुड़े हैं। 


Subscribe to our Newsletter