अब शिक्षक संगठनों के सामने आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं है: सुशील मोदी
Dec 01, 2023
पटना । पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि सीएम के इशारे पर शिक्षा विभाग ऐसे आदेश दे रहा है जिनसे विश्वविद्यालय के शिक्षकों तक के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है और वे अपमानित अनुभव कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि शिक्षा विभाग के तानाशाही रवैये से शिक्षक संगठनों के सामने आंदोलन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जिन्हें शिक्षा विभाग का एसीएस बनाया, वे किसी भी विभाग में एक साल से अधिक नहीं रहे। उनके इस विभाग से भी जाने का समय आ गया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री का ऐसा अपमान किया कि वे 26 दिन तक कार्यालय नहीं गए। मोदी ने कहा कि शिक्षा विभाग के अफसरों का मन इतना बढ़ गया है कि अब वे विश्वविद्यालय शिक्षकों के संगठन फूटा के महासचिव और कालेज शिक्षक-सह- विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह के बयान देने पर उनका वेतन रोकने का आदेश दे रहे हैं। ऐसे आदेश बिना नीतीश कुमार की सहमति के जारी नहीं हो सकते हैं।
मोदी ने कहा कि सरकार के पास शिक्षकों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं इसलिए नित नए आदेश जारी कर शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है ताकि वे खुद ही नौकरी छोड़ दें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को सामूहिक नियुक्ति पत्र देकर सरकार ने केवल अपनी ब्रांडिंग की है उसे शिक्षकों की कोई चिंता नहीं। मोदी ने कहा कि शिक्षा विभाग अपनी सीमा का अतिक्रमण कर विश्वविद्यालय शिक्षकों से स्कूल टीचर की तरह काम लेना चाहता है इसलिए प्रतिदिन 5 क्लास न लेने पर वेतन और पेंशन रोकने का आदेश दिया गया है।