
रूस और यूक्रेन की जंग में उत्तर कोरिया ने खो दिए 6 हजार सैनिक
Jun 16, 2025
लंदन। दावा किया जा रहा है कि रूस यूक्रेन जंग में कम से कम 6000 उत्तर कोरियाई सैनिक या तो मारे गए हैं, या इनमें से कुछ मारे गए और कुछ घायल हुए हैं। बता दें कि किम जोंग अब तक अपने 11 हजार से ज्यादा सैनिकों को रूस भेज चुके हैं। इनमें से आधे सैनिकों के हताहत की होना किम जोंग के लिए अच्छी खबर नहीं है।
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह आंकड़े साझा किए हैं। इस दौरान यह भी कहा गया है कि किम जोंग ने हाल ही में अन्य सैनिकों को भी रूस भेजा है। बताया गया कि उत्तर कोरियाई सैनिकों को सबसे ज्यादा नुकसान कुर्स्क के रूसी ओब्लास्ट में हुआ है, जहां यूक्रेनी सैनिकों के खिलाफ लड़ते हुए सैंकड़ों सैनिक घायल हो गए।
हालांकि इन सब के बीच भी पुतिन को उत्तर कोरिया का पूरा साथ है। किम जोंग ने हाल ही में पुतिन को एक खास संदेश भेजा है। उत्तर कोरिया के तानाशाह ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक संदेश में कहा कि उत्तर कोरिया हमेशा रूस के साथ खड़ा रहेगा। रसिया डे के मौके पर किम ने पुतिन को अपना सबसे प्रिय दोस्त बताते हुए दोनों देशों को एक-दूसरे का साथी बताया। किम जोंग उन ने दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत करने की भी बात कही। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में उत्तर कोरिया की एंट्री ने सबका ध्यान खींचा था। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अपने दोस्त पुतिन की मदद के लिए हजारों उत्तर कोरियाई सैनिकों को रूस की ओर से लड़ने के लिए भेजा था। अब हाल ही में यह खबर सामने आई है कि उत्तर कोरिया को जंग में भारी नुकसान पहुंचा है। ब्रिटिश डिफेंस इंटेलीजेंस ने हाल ही में दावा किया है कि यूक्रेन में रूसी सेना की ओर से लड़ रहे हजारों उत्तर कोरियाई सैनिक हताहत हुए हैं।