उत्तर कोरिया ने जापान को दी उपग्रह प्रक्षेपित की जानकारी

प्योंगयांग । उत्तर कोरिया ने जापान को अगले सप्ताह की शुरुआत में एक उपग्रह प्रक्षेपित करने की अपनी योजना की जानकारी दी है, जो उसका दूसरे सैन्य जासूसी उपग्रह को कक्षा में स्थापित करने का स्पष्ट प्रयास है।

द.कोरिया, जापान और चीन के नेता अपनी पहली त्रिपक्षीय बैठक के लिए सियोल में एकत्र थे, तभी उत्तर कोरिया के संबंध में यह जानकारी मिली। जापान के तट रक्षक ने बताया कि उ.कोरिया ने ‘उपग्रह रॉकेट के तय प्रक्षेपण के बारे में सूचित किया है जिसमें सोमवार से तीन जून की आधी रात तक कोरियाई प्रायद्वीप एवं चीन के बीच के जलक्षेत्र और फिलीपीन द्वीप लुजोन के पूर्व में सुरक्षा बरतने को लेकर सचेत किया गया है।

उ.कोरिया जापान को अपने प्रक्षेपण की जानकारी देता है क्योंकि जापान का तट रक्षक पूर्वी एशिया में समुद्री सुरक्षा जानकारी का समन्वय और वितरण करता है। जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के कार्यालय ने बताया कि किशिदा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उत्तर कोरिया से प्रक्षेपण नहीं करने का अनुरोध करने और किसी भी आपात स्थिति में पर्याप्त कदम उठाने में अमेरिका, दक्षिण कोरिया और अन्य देशों के साथ सहयोग करें। ऐसा माना जा रहा है कि यह सूचना उत्तर कोरिया द्वारा अपने दूसरे सैन्य जासूसी उपग्रह को अंतरिक्ष में प्रक्षेपित करने के प्रयास को दर्शाती है। 




Subscribe to our Newsletter