विदेशों में महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों का अधिग्रहण करेगी एनएमडीसी: सीएमडी
Jul 02, 2025
नई दिल्ली । सार्वजनिक क्षेत्र की लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों के अधिग्रहण करने के बारे में विचार कर रही है। कंपनी के एक प्रमुख अधिकारी ने कहा कि इससे कंपनी की उपस्थिति मजबूत होगी। एंटीमनी, लिथियम, कोबाल्ट, तांबा जैसे महत्वपूर्ण खनिज सौर पैनल, पवन चक्की, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों जैसी स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के लिए जरूरी हैं। भारत ने उनकी दीर्घकालिक उपलब्धता और प्रसंस्करण सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन (एनसीएमएम) शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि खनिज विविधीकरण रणनीति के तहत, एनएमडीसी वैश्विक स्तर पर 10 रणनीतिक खनिज परिसंपत्तियों में अधिग्रहण के अवसरों का सक्रिय रूप से मूल्यांकन कर रही है। एनएमडीसी वैश्विक महत्वपूर्ण खनिज मूल्य शृंखला में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के लिए अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अमेरिका में महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक अधिग्रहण की संभावनाएं तलाश रही है। दुबई में एनएमडीसी कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने कहा कि यह शहर वैश्विक अवसरों का प्रवेश द्वार है और नया कार्यालय, कंपनी के खनन परिदृश्य को दोबारा परिभाषित करने के लिए तैयार है। केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने हाल ही में दुबई में एनएमडीसी कार्यालय का उद्घाटन किया।