निशा को जानबूझकर कोरियाई खिलाड़ी ने घायल किया : राष्ट्रीय कोच
Aug 06, 2024
पेरिस । भारतीय टीम के राष्ट्रीय कोच वीरेंद्र दहिया ने कहा है कि पेरिस ओलंपिक में महिला पहलवान निशा दहिया को साजिश कर घायल किया गया है। इसी कारण निशा क्वार्टर फाइनल मैच हार गईं। कोच के अनुसार निशा एक समय क्वार्टर फाइनल में विरोधी उत्तर कोरियाई खिलाड़ी से 8-2 से आगे चल रही थी। इसके बाद जब उसे चोट लगी तो मांगने पर भी चिकित्सा सहायता नहीं दी गयी। इसी कारण वह अंतिम क्षणों में मुकाबला हार गई। कोच दहिया ने कहा, ‘‘उसे जानबूझकर चोटिल किया गया। हमने देखा था कि कलाई के जोड़ के पास उस पर हमला बोला गया। इसी कारण उसके हाथ से पदक निकल गया। ’’ कोच ने कहा, ‘‘जिस तरह से निशा ने शुरुआत की थी, पदक उसको मिलना था पर उसे धोखेबाजी कर छीन लिया गया। निशा रक्षण और जवाबी हमले दोनों में बेहतर थी उसने एशियाई क्वालीफायर में पहले भी इस पहलवान को हराया था। ’’
पहले दौर में ही निशा ने उत्तर कोरिया की सोल गम पर बढ़त बना ली थी। वहीं दूसरे दौर में जब वह उतरी तो अंक लेकर बढ़त को और बड़ा कर लिया। इसी दौरान वह चोटिल हो गई उस समय वह 8-2 से आगे चल रही थी। तब उन्होंने चिकित्सा सहायता की अपील की पर नहीं मिली। ऐसे में भयंकर दर्द के बाद भी वह मैदान पर जमी रही।