न्यूजीलैंड ने नाथन स्मिथ की जगह फॉल्क्स को शामिल किया

बुलावायो । न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नाथन स्मिथ चोटिल होने के कारण जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट सीरीज के शेष मैचों से बाहर हो गए हैं। स्मिथ को पहले टेस्ट के दूसरे ही दिन बल्लेबाजी करते हुए पेट में चोट लग गयी थी। जांच में उनके पेट में खिंचाव की बात सामने आयी है। इसे ठीक होने में करीब दो से चार सप्ताह लगेंगे।  ऐसे में नाथन स्मिथ की जगह पर जैक फॉल्क्स को टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा है कि विल ओरूर्के के कवर के तौर पर बेन लिस्टर को भी बुलाया गया है, ओरूर्के को तीसरे दिन पीठ में अकड़न आई थी। 
वहीं बल्लेबाजी ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स को दाहिनी कमर में चोट लगने के बाद जिम्बाब्वे दौरे से हटा दिया गया था। फिलिप्स टी20I और टेस्ट सीरीज दोनों में ही शामिल थे। उन्हें मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) फाइनल के दौरान चोट लगी थी और जिम्बाब्वे पहुंचने पर उनकी जांच की गई, जहां यह निर्धारित किया गया कि उन्हें पुनर्वास के लिए कई हफ्तों की आवश्यकता होगी। 
वहीं एमएलसी फाइनल में शामिल खिलाड़ियों के कवर के तौर पर टीम में शामिल हुए टिम रॉबिन्सन टी20  त्रिकोणीय सीरीज के बाकी मैचों के लिए टीम के साथ रहे, और उनके स्थान पर एक खिलाड़ी को टेस्ट टीम में भी शामिल किया गया। न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट में जिम्बाब्वे को तीसरे दिन ही हरा दिया था। इस प्रकार कीवी टीम सीरीज में 1-0 से आगे है। 

Subscribe to our Newsletter