न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए घोषित की टीम

Nov 24, 2025

विलियमसन की एक साल बाद वापसी 

ऑकलैंड। न्यूजीलैंड क्रिेकेट बोर्ड ने 2 दिसंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है। इस टीम में लंबे समय के बाद अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन को शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने तीन मैच की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए 14 खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की है। इस दल में विलियमसन के अलावा डेरिल मिशेल भी शामिल हैं। मिशेल वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के दौरान चोटित हो गये थे। वहीं तेज गेंदबाज जैकब डफी, जकारी फाउल्केस और ब्लेयर टिकनर को भी पहले टेस्ट के लिए 14 खिलाड़ियों में शामिल किया गया है।

विलियमसन इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर रहे थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए अंतिम बार टेस्ट दिसंबर 2024 में खेला था। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वह प्लंकेट शील्ड के दूसरे दौर में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की ओर से खेलेंगे। वहीं तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को साल 2023 के बाद पहली बार टीम में शामिल किया गया है। काइल जैमीसन को टीम में जगह नहीं मिली है क्योंकि वह लाल गेंद क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। ग्लेन फिलिप्स, जो प्लंकेट शील्ड के पहले दौर में खेले थे, उन्हें भी शामिल नहीं किया गया है क्योंकि वह कमर की चोट से अभी तक पूरी तरह से नहीं उबरे हैं। 

वहीं मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने विलियमसन की वापसी पर खुशी जताते हुए कहा, फील्ड पर इस खिलाड़ी की योग्यता स्वयं ही काफी कुछ बताती है। टेस्ट में शामिल होने से उनकी स्किल्स और लीडरशिप का लाभ हमें मिलेगा। उन्हें लाल गेंद के क्रिकेट के लिए अपने को तैयार करने के लिए थोड़ा समय मिला है, और मुझे पता है कि वह पहले टेस्ट से पहले प्लंकेट शील्ड के दूसरे राउंड में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के लिए खेलने को बेताब हैं।

न्यूजीलैंड टीम: टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेट कीपर), माइकल ब्रेसवेल, डेवॉन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फाउल्केस, मैट हेनरी, डेरिल मिशेल, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, केन विलियमसन, विल यंग

 


Subscribe to our Newsletter