नेहरू जी की पहचान उनके कर्म हैं, उनका नाम नहीं : राहुल गांधी

नई दिल्‍ली । नेहरू मेमोरियल का नाम औपचारिक तौर पर बदलने के बाद पहली बार मामले पर कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई। राहुल गांधी ने कहा कि नेहरू जी की पहचान उनके कर्म हैं, उनका नाम नहीं। तीन मूर्ति स्थित पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू के घर को उनकी मृत्‍यु के बाद नेहरू मेमोरियल में बदल दिया गया था। लेकिन मोदी सरकार ने नेहरू मेमोरियल का नाम बदलकर इस पीएम म्यूजियम एंड लाइब्रेरी कर दिया है।  पीएम नरेंद्र मोदी के मुख्‍य सचिव रह चुके नृपेंद्र मिश्रा को पीएमएमएल की कार्यकारी परिषद का अध्‍यक्ष बनाया गया है। 

पीएम मोदी ने 2016 में तीन मूर्ति परिसर में भारत के सभी प्रधानमंत्रियों को समर्पित एक संग्रहालय स्थापित करने का विचार रखा था। इसके बाद नेहरू मेमोरियल की कार्यकारी परिषद ने 25 नवंबर 2016 को अपनी 162वीं बैठक में इस मंजूरी दी थी। बीते साल प्रधानमंत्री संग्रहालय 21 अप्रैल 2022 को आम लोगों के लिए खोल दिया गया था। त‍ब उद्घाटन के दौरान भी मोदी सरकार के निमंत्रण पर नेहरू-गांधी परिवार का कोई भी सदस्य समारोह में उपस्थित नहीं हुआ था। 

बता दें कि भले ही स्‍वतंत्रता दिवस के मौके पर नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी सोसाइटी का नाम बदल दिया गया हो लेकिन इसका औपचारिक ऐलान जून के महीने में ही कर दिया गया था। इसका नाम प्राइम मिनिस्टर्स म्यूजियम एंड लाइब्रेरी सोसाइटी करने का फैसला किया गया था। अब इस औपचारिक रूप दे दिया गया है। 

 



Subscribe to our Newsletter