नर्मदा डेम का जलस्तर 136 मीटर के पार, 10 गेट खोले गए, 2 जिले कई गांवों में अलर्ट
Sep 16, 2023
अहमदाबाद | गुजरात की जीवनदायिनी सरदार सरोवर नर्मदा बांध का जलस्तर 136 मीटर को पार कर गया है| डेम के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 10 गेट खोलकर करीब डेढ लाख क्यूसेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है| जिसे देखते हुए दो गांवों के कई गांवों को अलर्ट कर दिया गया है| दरअसल मध्य प्रदेश में भारी बारिश के चलते ओमकारेश्वर बांध से साढ़े तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है| जिसकी वजह से प्रति घंटे नर्मदा डेम के जलस्तर में वृद्धि हो रही है| फिलहाल नर्मदा डेम का जलस्तर 136.11 मीटर पर पहुंच गया है|
सरदार सरोवर नर्मदा निगम डेम के जलस्तर पर लगातार निगरानी रख रहा है| डेम का जलस्तर बरकरार रखने और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नर्मदा निगम हरसंभव ऐहतियाती उपाय किए जा रहे हैं| इसके अंतर्गत नर्मदा डेम के आज 10 गेट खोलकर नर्मदा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है| भरुच समेत निचले इलाकों में बाढ़ का ज्यादा असर ना हो इस पर नजर रखी जा रही है| दोपहर 12 बजे डेम के 10 दरवाजे 1.40 मीटर तक खोलने और रिवरबेड पावर हाउस समेत कुल 145000 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है|
नर्मदा डेम से पानी छोड़ने के कारण वडोदरा जिले की नदी किनारे के गांवों को सतर्क कर दिया गया है| जिसमें डबोई तहसील के 3, शिनोर और करजण तहसील के 22 गांवों के लोगों को नदी किनारे नहीं जाने की चेतावनी दी गई है| सुबह 10 बजे नर्मदा डेम का जलस्तर 135.65 मीटर था और केवल दो घंटे में इसमें 23 सेन्टीमीटर की वृद्धि होने से नर्मदा निगम ने गेट खोल पानी छोड़ने का फैसला किया|