एम्बुलेंस ड्राइवर की हत्या की गुत्थी सुलझी, पिता-पुत्रों ने मिलकर की हत्या
Nov 29, 2023
मुंबई, । नवी मुंबई के नेरुल में रविवार रात डाॅ. डीवाई पाटिल अस्पताल के गेट पर एंबुलेंस ड्राइवर की हत्या के मामले में नेरुल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों में एक पिता और उसके तीन बेटे शामिल हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवराज सिंह ने डॉ.डी.वाई पाटिल अस्पताल के गेट पर नारियल पानी की दुकान को नुकसान पहुंचाने की जानकारी नारियल पानी बेचने वाले को दी थी. उसका वीडियो भी बनाया गया. जांच में पता चला है कि चारों पिता-पुत्रों ने गुस्से में आकर युवराज सिंह की हत्या कर दी. इस हत्याकांड में अमजद रियाज खान (45), उनके बेटे समीर खान (24), शोएब खान (22) और एक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार किया गया है. ये पिता-पुत्र मानखुर्द के पीएमजीपी कॉलोनी में रहते हैं और अमजद खान डाॅ.डीवाई पाटिल हॉस्पिटल के गेट के पास अंडा भुर्जी बेचने का ठेला लगता है. उसके बगल में अन्य विक्रेता नारियल पानी और फल बेचते हैं।
पांच-छह दिन पहले आरोपी अमजद खान ने नारियल पानी और फल विक्रेताओं की ठेला को नुकसान पहुंचाया था. जिसका वीडियो डाॅ.डीवाई पाटिल हॉस्पिटल में एंबुलेंस चलाने वाले युवराज सिंह ने बनाया और इसकी इसकी जानकारी नारियल पानी और फल विक्रेताओं को भी उसने दी. इस बात की जानकारी होने पर आरोपी अमजद खान ने अपने बेटों की मदद से एंबुलेंस ड्राइवर युवराज सिंह को जान से मारने की योजना बनाई.
- कैसे हुई ड्राइवर की हत्या?
नवी मुंबई के नेरुल में डॉ.डी.वाई.पाटिल अस्पताल के सामने चारों पिता-पुत्रों ने एक एम्बुलेंस चालक को कार से बाहर खींच लिया. इतने पर ही न रुकते हुए उसे बांस से जमकर पीटा और चाकू से वार कर दिया। यह आश्वस्त होने के बाद कि एम्बुलेंस चालक मर चुका है, आरोपी ने चालक की गर्दन में फंसा चाकू छोड़ दिया और भाग गए। इस दौरान आरोपियों ने एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की.