रहाणे की आक्रामक पारी से मुम्बई ने आंध्र को हराया

हैदराबाद । मुम्बई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंद में 95 रन बनाये। इससे मुम्बई की टीम आंध्र को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गयी है। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इस मैच में आक्रामक पारी खेली इसके अलावा सूर्यांश शेडगे ने 8 गेंद में नाबाद 30 रन बनाये। इससे मुंबई ने ग्रुप ई में आंध्र के 230 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.3 ओवर में ही 6 विकेट पर 233 रन बनाकर 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया। 

इस मैच में पृथ्वी शॉ (15 गेंद में 35 रन), शिवम दुबे (18 गेंद में 34 रन) और श्रेयस अय्यर (11 गेंद में 25 रन) ने भी अहम पारियों खेलीं। वहीं सूर्यकुमार यादव इस मैच में केवल 4 रन ही बना पाये। आंध्र की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने 53 गेंद में 8 चौकों और 4 छक्कों से नाबाद 93 रन बनाये। अश्विन हेब्बार ने 52 रन जबकि कप्तान रिकी भुई ने 68 रन बनाये। वहीं बंगाल और राजस्थान के एक अन्य मैच में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 3 विकेट लिए जबकि अभिषेक पोरेल ने अर्धशतक लगाया।  इससे बंगाल ने सात विकेट से जीत के साथ ही क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी है। बंगाल ने राजस्थान को नौ विकेट पर 153 रन पर रोक दिया। इसके बाद पोरेल ने 48 गेंद में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 78 रन की तेज पारी खेलकर बंगाल को जीत दिला दी। 

इसके अलावा दिल्ली ने एक अन्य मुकाबले में अरुणाचल प्रदेश को 13 ओवर शेष रहते 10 विकेट से हरा दिया। आयुष सिंह की आक्रामक गेंदबाजी के सामने अरुणाचल की टीम सात विकेट पर 89 रन ही बना सकी। इसके जवाब में दिल्ली ने प्रियांश आर्य (नाबाद 54) और यश धुल (नाबाद 35) की पारियों से 6.1 ओवर में ही 92 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।


Subscribe to our Newsletter