दोनों बहनों के लिए सख्त नियम बनाये थे मां ने: तनिषा मुखर्जी

Feb 05, 2025

मुंबई । हाल ही में बॉलीवुड एक्ट्रेस तनिषा मुखर्जी ने खुलासा किया कि उनकी मां तनुजा को डर था कि काजोल, जो उम्र और शरीर दोनों में बड़ी थीं, तनिषा को मार सकती थीं। इसी वजह से तनुजा ने दोनों बहनों के लिए एक सख्त नियम बनाया था वे फिजिकली लड़ नहीं सकती थीं। 

हालांकि, दोनों बहनें वर्बल झगड़े जरूर करती थीं। तनिषा ने इस नियम को अपनी बहन के साथ मजबूत बॉन्ड बनाने के लिए फायदेमंद बताया। उन्होंने अपनी परवरिश के बारे में भी बात की और बताया कि उनका पालन-पोषण परदादी ने किया था, क्योंकि उनकी मां काम में व्यस्त रहती थीं। इसके अलावा, उनके चाचा-चाची और परिवार के अन्य सदस्य भी उनके साथ रहते थे, जिससे वे तीन बहनों के साथ पली-बढ़ी। करियर की बात करें तो, तनिषा ने 2000 के दशक की शुरुआत में बॉलीवुड में कदम रखा, लेकिन उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली। 

उनकी सबसे चर्चित फिल्म नील एन निक्की (2005) थी, जिसमें उन्होंने उदय चोपड़ा के साथ काम किया। इसके बाद, उन्होंने बिग बॉस 7 में भाग लिया और पहली रनर-अप बनीं। वह झलक दिखला जा जैसे डांस रियलिटी शो में भी नजर आईं। अब तनिषा एक नई पारी की शुरुआत करने जा रही हैं। वह मराठी सिनेमा में अपनी पहली फिल्म वीर मुरारबाजी के जरिए एंट्री करने के लिए तैयार हैं। 


Subscribe to our Newsletter