मां को नहीं था मेरी पसंद पर भरोसा : जाह्नवी कपूर

Feb 27, 2025

मुंबई। हाल ही में एक इंटरव्यू में बालीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर ने खुलासा किया कि उनकी मां चाहती थीं कि वह अपनी पसंद के लड़के से नहीं, बल्कि श्रीदेवी के चुने हुए जीवनसाथी से शादी करें। जाह्नवी ने बताया, मां मुझसे हमेशा कहती थीं कि उन्हें मेरी पसंद पर भरोसा नहीं है, क्योंकि मैं बहुत जल्दी किसी के प्यार में पड़ जाती हूं। इसलिए वह खुद मेरे लिए एक सही जीवनसाथी चुनना चाहती थीं। इन दिनों जाह्नवी कपूर का नाम बिजनेसमैन शिखर पहाड़िया के साथ जोड़ा जा रहा है। हालांकि, दोनों ने अब तक अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया है, लेकिन अक्सर दोनों को साथ देखा जाता है। जाह्नवी कई बार शिखर के साथ तस्वीरें भी साझा करती हैं, जिससे उनके रिलेशनशिप को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। अपनी शादी की पसंद को लेकर जाह्नवी ने बताया कि उन्हें ऐसा जीवनसाथी चाहिए जो टैलेंटेड हो, अपने काम के प्रति जुनूनी हो और जिससे वह प्रेरित हो सकें।

 उन्होंने कहा, मुझे ऐसा इंसान चाहिए जिसका सेंस ऑफ ह्यूमर शानदार हो और जिससे मैं कुछ नया सीख सकूं। गौरतलब है कि श्रीदेवी का 24 फरवरी 2018 को दुबई में निधन हो गया था। उनकी अचानक हुई मृत्यु से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसक सदमे में थे। हालांकि, उनके बेहतरीन अभिनय और शानदार फिल्मों की बदौलत वह हमेशा याद की जाती रहेंगी। उनकी बेटी जाह्नवी कपूर भी बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और लगातार अपने करियर को ऊंचाइयों पर ले जाने में जुटी हुई हैं। फैंस को जाह्नवी की आगामी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार है। 

बता दें कि बॉलीवुड की पहली लेडी सुपरस्टार श्रीदेवी ने अपनी बेहतरीन अदाकारी और करिश्माई व्यक्तित्व से फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम हासिल किया था। उनकी फिल्में आज भी दर्शकों के बीच उतनी ही लोकप्रिय हैं, जितनी उनकी रिलीज़ के समय थीं। हालांकि, श्रीदेवी अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें और उनके अभिनय की विरासत आज भी फैंस के दिलों में जीवंत है। श्रीदेवी न केवल एक शानदार अदाकारा थीं बल्कि एक बेहतरीन मां भी थीं।  


Subscribe to our Newsletter