
मां और दादी ने मिलकर कर दी विकलांग बेटी की हत्या
Feb 25, 2025
ठाणे,। मुंबई से सटे ठाणे में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटी है। ठाणे के नौपाड़ा के गावदेवी इलाके में ठाणे जिला सेंट्रल बैंक के पीछे स्थित झुग्गी बस्ती में एक मां और दादी ने अपनी विकलांग बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में दादी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मां फरार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यशस्वी पवार विकलांग और शारीरिक रूप से अक्षम पैदा हुई थी, इसलिए उसकी मां और दादी, उसका दर्द सहन करने में असमर्थ होकर उसे नींद की गोलियां खिलाकर मार डाला। यह हत्या 19 फरवरी को हुई थी। इस मामले में लड़की के मामा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसके बाद यह सब खुलासा हुआ है। बहरहाल, इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा है।
बताया गया है कि 19 फरवरी को दोनों आरोपी महिलाओं ने बच्ची को नींद की गोलियां देकर मार डाला। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें हत्या के बाद लड़की को उसकी दादी और मां चादर में छिपाकर ले जाती दिख रही हैं। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई कि उसे चार पहिया वाहन में ले जाया गया। यह सब तब सामने आया जब पुलिस ने उसकी दादी से गोपनीय तरीके से पूछताछ की। पीड़िता जन्म से ही बीमार और विकलांग थी। 15 फरवरी के बाद से लड़की को अधिक तकलीफ हो रही थी। इसलिए उसकी मां ने 19 फरवरी को उसे नींद की गोलियां दे दीं। जब उसकी मृत्यु हो गई, तो उसे 20 फरवरी की सुबह सतारा जिले में उनके पैतृक गांव ले जाया गया और उसका अंतिम संस्कार किया गया।