राज्य में आंगनबाड़ी प्रवेशोत्सव के अंतर्गत पिछले तीन वर्षों में 5 लाख से अधिक बच्चों ने लिया दाखिला

Jun 25, 2025

अहमदाबाद | राज्य के बच्चों के सर्वांगीण विकास और सुनहरे भविष्य के निर्माण के लिए उन्हें उचित पूर्व-प्राथमिक शिक्षा प्रदान करने के उम्दा उद्देश्य से प्रतिवर्ष 3 से 6 वर्ष के बच्चों को आंगनबाड़ी में प्रवेश दिलाने के लिए आंगनबाड़ी प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और महिला एवं बाल विकास मंत्री भानुबेन बाबरिया के नेतृत्व में इस वर्ष राज्य की 53 हजार से अधिक आंगनबाड़ियों में लगभग 1.50 लाख से अधिक बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा, जिनमें 77,570 लड़के और 73,379 लड़कियां शामिल हैं। राज्य सरकार के सभी को शिक्षा प्रदान करने के अविरत प्रयासों के कारण बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बन रहा है। आंगनबाड़ी प्रवेशोत्सव के अंतर्गत पिछले तीन वर्षों में 5 लाख से अधिक बच्चों ने आंगनबाड़ी में दाखिला लिया है, जिनमें 2.68 लाख लड़के और 2.53 लाख लड़कियां शामिल हैं। आंगनबाड़ी प्रवेश में गुजरात की नामांकन दर पूरे देश से अधिक है।

देश में वर्ष 2024 में आंगनबाड़ी में पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के लिए 66.8 फीसदी नामांकन की तुलना में गुजरात की आंगनबाड़ियों में तीन वर्ष के बच्चों का नामांकन 87.6 फीसदी दर्ज किया गया है। आंगनबाड़ी में 3 से 6 वर्ष की उम्र के बच्चों को खेल एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से अनौपचारिक शिक्षा प्रदान की जाती है। बच्चों के शारीरिक, भाषायी, बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास के लिए स्नेहपूर्ण और सहज वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। आंगनबाड़ी में ऐसी गतिविधियों के लिए विभिन्न प्रकार के उपकरण आदि उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे बच्चा व्यक्तिगत रूप से किसी छोटे या बड़े समूह में शामिल होकर स्वयं पर नियंत्रण रखते हुए अन्य बच्चों के साथ घुलमिल सके साथ ही साथ आंतरिक अनुशासन का विकास भी हो सके। आंगनबाड़ी में अनौपचारिक पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम पर आधारित विभिन्न गतिविधियां जैसे कि सर्कल टाइम, थीम आधारित चर्चा, गीत, संगीत, कहानी, पहेली और बालगीत के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में ज्ञान प्रदान किया जाता है। इतना ही नहीं, अभिभावकों के लिए डिजिटल कैलेंडर तैयार किया जाता है, जिसमें बच्चों के पाठ्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाने वाली साप्ताहिक गतिविधियों की जानकारी, बच्चों के लिए दो दैनिक गतिविधियां, महीने के दौरान बच्चा क्या सीखेगा और महीने के अंत में बच्चे ने क्या सीखा, इस बारे में मार्गदर्शन दिया जाता है। इसके अलावा, ‘मारी विकासयात्रा’ पुस्तक के द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर निगरानी रखी जाती है। बच्चों के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिसमें बाल दिवस और विभिन्न त्योहारों को मनाना, खेल उत्सव और प्रायोगिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से बाल मेलों का आयोजन भी किया जाता है।

वैज्ञानिक रूप से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न शैक्षणिक किट का उपयोग कर पेपर क्राफ्ट, मिट्टी से चीजें बनाना, छपाई कला और पेंटिंग जैसी गतिविधियां की जाती हैं। आधुनिक टेक्नोलॉजी के माध्यम से बच्चों को मार्गदर्शन और शिक्षा प्रदान करने के लिए यू-ट्यूब पर ‘उंबरे आंगनवाड़ी’ द्वारा पाठ्यक्रम पर आधारित कार्यक्रम जैसे कि बालआनंद, सृजनात्मक और रचनात्मक गतिविधियों के अलावा माता-पिता और अभिभावकों के लिए सकारात्मक परवरिश के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।


Subscribe to our Newsletter