किसानों को मनाने चंडीगढ़ जा रहे मोदी के मंत्री
Feb 15, 2024
नई दिल्ली,। विभिन्न मांगों को लेकर किसानों का दिल्ली कूच आंदोलन का आज तीसरा दिन है। सुबह से ही हरियाणा पंजाब के बीच शंभू बॉर्डर पर हल-चल देखी जा रही है और किसान यहां हर हाल में डटे रहने के अहद के साथ जमे हुए हैं। आंदोलनरत किसानों को मनाने के लिए आज गुरुवार शाम को मोदी सरकार के तीन मंत्री चंडीगढ़ पहुंचने वाले हैं।
केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग और उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल के साथ ही कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय को किसानों से बातचीत का अहम जिम्मा सौंपा गया है। जानकारी अनुसार चंडीगढ़ में आज शाम पांच बजे किसान नेताओं से उक्त तीनों मंत्रियों की बातचीत प्रस्तावित की गई है। आंदोलनरत किसानों को मनाने में ये मंत्री सफल हो पाते हैं या नहीं यह देखने वाली बात होगी।