दो साल पहले अगवा हुई नाबालिग उज्जैन से दस्तयाब, -चार माह का बेटा भी मिला, आरोपी फरार
Feb 28, 2025
भोपाल। बिलखिरिया पुलिस ने इलाके में स्थित कोकता क्षेत्र से दो साल पहले अगवा हुई 14 साल की किशोरी को उज्जैन के एक गांव से दस्तयाब किया है। किशोरी की उम्र करीब 16 साल है, और उसका एक चार माह का बेटा है। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि एक युवक बहला-फुसलाकर उसे राजस्थान ले गया था। वहां उसने मंदिर में शादी कर ली थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना पुलिस ने बताया कि कोकता इलाके में नाबालिग किशोरी और उसके दो भाई चाचा के साथ रहते थे। उनके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। जुलाई 2023 में परिजनों ने किशोरी के अगवा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उस समय किशोरी की उम्र 13 साल 10 माह थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी। जांच में पता चला कि संदेही ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया है।
करीब दो साल बाद पिछले दिनों सायबर सेल से पता चला कि संदेही के मोबाइल फोन नई सिम के साथ ऑन हुआ है। सुराग मिलने पर लोकेशन ट्रेस करती हुई पुलिस पार्टी उज्जैन के एक गांव पहुंच गई और वहां से अगवा किशोरी को दस्तयाब कर लिया। गांव में किशोरी कथित सास-ससुर के साथ रह रही थी। उसके साथ उसका चार माह का बेटा भी था। पुलिस मां-बेटे को दस्तयाब कर भोपाल ले आई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी गोविंद (21) लौहपीटा है और उसका किशोरी के घर आना-जाना था। जुलाई 2023 में उसने किशोरी को अगवा कर लिया। दोनों राजस्थान पहुंचे और कुछ दिन बाद एक मंदिर में शादी कर ली। दोनों वहां झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। गोविंद खेतों में काम करता है। इन दिनों राजस्थान में सरसो कटाई का काम चल रहा है। गोविंद ने किशोरी को उज्जैन भेज दिया था जबकि वह खुद सरसो कटाई के बाद उज्जैन आने वाला था। जांच के आधार पर अपहरण के मामले में अन्य धाराओं का इजाफा किया गया है।