2 स्कूलों और 2 आंगनबाडियों में नहीं बंट रहा मघ्यान्ह भोजन
Oct 03, 2023
नौ माह से सेल्समैन द्वारा नहीं दिया गया खाद्यान्न
भोपाल । प्रदेश के टीकमगढ जिले के पलेरा विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रमपुरा उर्फ निवावरी के दो प्राइमरी स्कूलों और दो आंगनबाड़ी केंद्रों में मघ्यान्ह भोजन का वितरण नहीं किया जा रहा है। सेल्समैन के द्वारा स्वसहायता समूह को नौ माह से खाद्यान्न नहीं दिया गया है, जिससे यहां पर बच्चों को मिलने वाला मघ्यान्ह भोजन का काम बंद पड़ा हुआ है। इस बात की जानकारी अधिकारियों को होने के बाद भी चुप्पी साधे हुए हैं।
गौरतलब है कि विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रमपुरा उर्फ निवावरी के शासकीय प्राथमिक शाला रमपुरा एवं शिक्षा गारंटी शाला किरउ सहित आंगनबाड़ी केंद्र एवं आंगनबाड़ी केंद्र-ब में मध्यान्ह भोजन वितरण का कार्य कृष्णा महिला स्वसहायता समूह द्वारा किया जाता है। समूह की अध्यक्ष रुकमन रैकवार ने बताया कि उनको माह दिसंबर 2022 से माह अगस्त 2023 तक का खाद्यान्न गेहूं और चावल सेल्समैन के द्वारा नहीं दिया गया है।
इसको लेकर कई बार समूह द्वारा खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायतें जिला कलेक्टर, खाद्य विभाग एवं बीआरसी पलेरा में की जा चुकी है लेकिन उसको नौ माह का खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है जिससे परेशान होकर उसके द्वारा माह सितंबर से स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एमडीएम का वितरण कार्य बंद कर दिया गया है। इस संबंध में उसके द्वारा 27 सितंबर को खाद्य विभाग एवं 28 अगस्त को कलेक्टर के यहां भी आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके अलावा समूह संचालक के द्वारा खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पर भी दर्ज कराई गई है।
एक माह से एमडीएम वितरण का कार्य बंद होने से बच्चों को मध्यान्ह भोजन योजना से भी वंचित होना पड़ रहा है, जिस ओेर अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं जा रहा है। शिक्षा गारंटी शाला किरउ के प्रधानाध्यापक सियाराम यादव ने बताया कि उनके यहां पर दर्ज छात्र संख्या 70 है। जून माह से ही एमडीएम वितरण का कार्य बंद है। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला रमपुरा उर्फ निवावरी के प्रधानाध्यापक जानकी प्रसाद यादव का कहना है कि उनके यहां दर्ज छात्र संख्या 102 है, मध्यान्ह भोजन वितरण का कार्य बंद है, इस संबंध में कई बार पत्राचार भी किए जा चुके हैं जिसकी जानकारी सीएसी, बीएसी को भी दी जा चुकी है।
इस बारे में बीआरसीसी पलेरा भानुप्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि स्वसहायता समूह को सोसायटी से खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। इसकी जानकारी है। स्कूलों में मध्यान्ह भोजन वितरण बंद है। इसकी जानकारी मुझे नहीं है। हम इसे दिखवाते हुए और व्यवस्था को शीघ्र ही सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।